ऑनलाइन रम्मी में चढ़ गया 7 लाख का कर्जा तो युवक ने ताई को मारकर लूट लिए गहने

भीलवाड़ा. अजमेर संभाग के भीलवाड़ा (Bhilwara) जिले में जिले के बागोर थाना इलाके में ऑनलाइन रम्मी के कारण कर्ज में डूबे एक युवक ने रुपयों का जुगाड़ करने के लिये अपनी ताई की हत्या (Murder) कर उसके गहने लूट लिये. ताई का गला दबाकर हत्या करने के बाद युवक ने उसे सूखे कुंए में धकेल दिया. पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी युवक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है. युवक पर सात लाख रुपये का कर्जा बताया जा रहा है. मामले का खुलासा होने के बाद परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई. पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ में जुटी हुई है.पुलिस के अनुसार मामला बागोर थाना इलाके के रेवाड़ा गांव से जुड़ा है. यहां एक सप्ताह पहले 20 सितंबर की शाम को एक पुराने और सूखे हुये कुंए में करीब 50 वर्षीय महिला का शव मिला था. बाद में शव की पहचान रेवाड़ा निवासी सुखी देवी के रूप में हुई. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कि सुखी पत्नी किशनलाल अपने खेत पर पशुओं को लेने गई थी. देर शाम को पशु तो घर लौट आए लेकिन सुखी घर पर लौट कर नहीं आई. इसके बाद परिजनों ने सुखी की तलाश की. इस दौरान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत के अंदर पुराने कुएं में सुखी का शव मिला. कुएं के बाहर खून के धब्बे थे और सुखी के कान का झुमका भी कुएं के बाहर पड़ा था. ऐसे में परिजनों ने सुखी की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का संदेह जाहिर किया था.
गला दबाकर मारा था ताई को
पुलिस ने जब इस मामले में अपनी पड़ताल आगे बढ़ाई तो उसका शक सुखी के देवर श्रवण के 20 वर्षीय बेटे नवीन पर गया. जांच में सामने आया कि नवीन ऑनलाइन सट्टे का आदी है. उस पर करीब 7 लाख रुपए का कर्ज चढ़ा होने की बात सामने आई. इस पर पुलिस ने नवीन से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने ताई की हत्या करना स्वीकार कर लिया. पूछताछ में नवीन ने पुलिस को बताया कि उसने बड़ी मां सुखी को खेत पर अकेला देखकर उसे मारने का प्लान बनाया था. उसने पहले उसका गला दबाया. उसके बाद गहने लूट लिए और फिर सुखी के शव को कुएं में धकेल दिया.
