झूलन गोस्वामी दूसरे नंबर पर पहुंची, बेथ मूनी-एश्ले गार्डनर को भी हुआ फायदा

नई दिल्ली| भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी आईसीसी की ताजा महिला वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। झूलन गोस्वामी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने का फायदा मिला। झूलन गोस्वामी ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 4 विकेट लिए। तीसरे वनडे में उन्होंने 37 रन 3 विकेट लिए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत भले ही वनडे सीरीज 2-1 से हार गई हो लेकिन ऑस्ट्रेलिया का विजयरथ रोक दिया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ आखिरी वनडे मैच हारने से पहले 26 मैच लगातार जीते थे। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर को भी आईसीसी की ताजा महिला वनडे रैंकिंग में जबरदस्त फायदा पहुंचा है। ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज एलिसा हैली महिला बल्लेबाजों की आईसीसी वनडे रैकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उनके साउथ अफ्रीका की लिजेली ली से 11 प्वॉइंट कम हैं। हीली ने भारत के खिलाफ 77 और 35 रन बनाए। उन्हें एक पायदान का फायदा हुआ। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज बेथ मूनी ने 8 स्थानों की छलांग लगाई है। वो आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में 8 वें स्थान पर पहुंच गई है। मूनी ने वनडे सीरीज में भारत के खिलाफ एक सेंचुरी और एक फिफ्टी ठोकी। उन्होंने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में 89.84 की स्ट्राइक रेट से 177 रन बनाए। भारत की स्मृति मंधाना को एक स्थान का फायदा हुआ है वो छठे नंबर पर पहुंच गई है। ऑलराउंडरों की लिस्ट में एश्ले गार्डनर छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। वो पहले 10 वें नंबर थीं। दक्षिण अफ्रीका मारिजाने काप टॉप पर हैं।
