वार्ड बॉय ने महिला मरीज के एनिमा लगाने के बहाने की छेड़छाड़

बारां. राजस्थान के कोटा संभाग के बारां जिला अस्पताल (Baran District Hospital) से शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज (Female Patient) के साथ वार्ड बॉय द्वारा एनिमा (Enema) लगाने के बहाने छेड़छाड़ (Molestation) करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी वार्ड बॉय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. राजस्थान में यह इस तरह का पहला मामला नहीं है. इससे पहले जयपुर समेत अन्य जिलों में भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जब चिकित्सा के पेशे पर इस तरह की हरकतों से बदनुमा दाग लगे हैं. अभी तक वार्ड बॉय के खिलाफ अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

जानकारी के अनुसार पीड़िता बारां जिला अस्पताल में पेट की गांठ के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थी. उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया था. महिला का मंगलवार को सुबह ऑपरेशन होना था. इसके लिए महिला बीते 2 दिन से अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती थी. आरोप है कि वहां वार्ड बॉय संपत लोधा ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी. घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है. पीड़िता का आरोप है आधी रात को करीब 3 बजे वार्ड बॉय संपत लोधा ने एनिमा लगाने के बहाने में उसे स्टाफ रूम में बुलाया.

कमरे की लाइट भी बंद कर दी
इस पर वह अपनी ननद के साथ उसके कमरे में गई. लेकिन वार्ड बॉय संपत लोधा ने ननद को कमरे के बाहर निकाल दिया. इस दौरान उसने कमरे की लाइट भी बंद कर दी. बाद में कमरे में एनिमा लगाने के दौरान उससे छेड़छाड़ करने लगा. महिला वार्ड बॉय की हरकतों का विरोध जताते हुए बाहर आ गई. उसने आरोपी वार्ड बॉय के खिलाफ महिला थाने में शिकायत कर दी. इस पर महिला उत्पीड़न शाखा के डीएसपी राकेश शर्मा ने पीड़िता की रिपोर्ट पर वार्ड बॉय संपत लोधा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वार्ड बॉय के खिलाफ कार्रवाई के मसले पर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अभी तक दोष सिद्ध नहीं हुआ है. दोष सिद्ध होने कार्रवाई कर दी जायेगी.

Leave a Reply