एक साल से फरार लूट का आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायपुर । डीडी नगर थाना क्षेत्र में 26 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित हरीश सेन को रिमांड में लेने पुलिस ने आवेदन दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपित एक साल से रायपुर के आसाराम के आश्रम का केयर टेकर बनकर रह रहा था। पुलिस विभाग की डायरी भी ठंडे बस्ते में चली गई थी। तेलीबांधा पुलिस ने हरीश सेन को कट्टे के साथ पकड़ा और उसका नाम सामने आया तो पुलिस को होश उड़ गए। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो सामने आया कि क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार है।
रिमांड में लेने के बाद पुलिस हरीश के बैंक खाते की जांच करेगी। इसके अलावा उसकी संपत्ति की जांच की जाएगी।साथ ही लूट की वारदात में शामिल अन्य आरोपितों को खोजने में जुटेगी।
नवंबर 2019 में स्टील कारोबारी के कर्मचारी से क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद हरीश गुजरात फरार हो गया था। उसके कुछ साथियों को पुलिस ने पकड़ा था। उनके द्वारा हरीश सेन का नाम सामने आया था। कुछ दिन तक तलाश करने पर भी जब वह नहीं मिला, तो फाइल ठंडे बस्ते में चली गई। अब जब आरोपित पकड़ा गया है, तो डीडी नगर थाना पुलिस डायरी खोजने में लग गई है।

Leave a Reply