नाराज विधायकों ने कहा- हमारा समर्थन गहलोत सरकार के साथ

जयपुर| दिल्ली पहुंचे बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए राजस्थान के विधायकों के सुर अब बदलने लगे हैं। एक दिन पहले ही दिल्ली आए 4 असंतुष्ट विधायकों ने अब यह कहा है कि वो गहलोत सरकार के साथ हैं और सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बारे में राय लेने दिल्ली पहुंचे हैं। उनका पूरा समर्थन गहलोत सरकार के साथ बना हुआ है।
दिल्ली में विधायकों ने डाला डेरा
बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए 6 में से 4 विधायक राजेंद्र गुढ़ा, वाजिब अली, संदीप यादव और लाखन सिंह बुधवार को ही दिल्ली पहुंचे थे। बसपा से कांग्रेस में विलय के मामले में इन विधायकों को अब दल बदल कानून के तहत अपनी सदस्यता जाने का डर सताने लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने इन्हें दल बदलने से संबंधित रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इसके अलावा चारों विधायक मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से भी नाराज चल रहे थे। कहा जा रहा है कि विलय के समय इन्हें मंत्री पद का भरोसा दिया गया था। विधायकों के दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से भी मिलने के कयास लगाए जा रहे थे।
गहलोत से बात करने के बाद हुए नरम
बताया जा रह है कि चारों विधायकों से मुख्यमंत्री गहलोत ने फोन पर बात की और उनकी नाराजगी का कारण पूछा था। विधायकों ने किसी हालत मेंं अपनी सदस्यता बचाए रखने की बात कही। गहलोत के आश्वासन के बाद विधायकों ने अपने रुख में नरमी लाई और बताया कि वो दिल्ली सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बारे कानूनी राय लेने पहुंचे हैं। उनका पूरा समर्थन गहलोत सरकार के साथ बना हुआ है।
