ऑस्‍ट्रेलिया में अब कोई मंत्री नहीं बना पाएगा अपनी सहकर्मी से शारीरिक संबंध!

कैनबरा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने गुरुवार को मंत्रियों और कर्मचारियों के बीच यौन संबंधों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी। प्रधानमंत्री द्वारा ये कदम तब उठाया गया है, जब उनके उप-प्रधानमंत्री बार्नबॉय जॉयस अपने कार्यालय की महिला कर्मचारी के साथ अफेयर के चलते विवादों में घिर गए हैं। ये अफेयर पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। 


जॉयस का अफेयर अपनी मीडिया सलाहकार विकी केंपियन के साथ चल रहा है। बीबीसी की खबर के मुताबिक, विक्‍की गर्भवती हैं और जल्‍द ही बच्‍चे को जन्‍म देंगी। जॉयस ने अपने अफेयर की बात को स्‍वीकार कर लिया है। साथ ही उन्‍होंने यह भी माना कि उनकी शादी के टूटने का कारण ये अफेयर ही है। जॉयस के इस अफेयर से सरकार को खासी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इसीलिए प्रधानमंत्री मैल्‍कम ने ये कड़ा कदम उठाया है।


पीएम मैल्‍कम ने कहा, "मैंने आज मानकों में एक बहुत ही साफ और स्पष्ट प्रावधान जोड़ा है कि मंत्रियों, चाहे वे विवाहित हों या अविवाहित अपने सहकर्मियों के साथ यौन संबंध में संलग्न नहीं होंगे। अगर कोई ऐसा करता है, तो वह संविधान के खिलाफ होगा।' इधर सोमवार से जॉयस छुट्टी पर चले गए। मैल्‍कम ने कहा कि जॉयस ने अनैतिक संबंध बनाकर अपनी पत्‍नी, बहन और बेटियों के साथ गलत किया। इस घटना ने हम सभी को डरा दिया। हम चाहते हैं कि भविष्‍य में किसी परिवार के साथ ऐसा ना हो।

उल्‍लेखनीय है कि लिबरल पार्टी के साथ गठबंधन सरकार में शामिल नेशनल पार्टी के 50 वर्षीय नेता जॉयस गुरुवार को नेशनल टेलीविजन पर आए और अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने माना कि सिडनी के अखबार 'टेलीग्राफ' में खबर छपने के बाद उनकी शादी टूट गई है। इस समाचार पत्र में बुधवार को पहले पेज पर जॉयस की 33 वर्षीय गर्भवती प्रेमिका की तस्वीर के साथ उनके अफेयर की खबर प्रकाशित हुई थी। हालांकि इस तरह के समाचार को सार्वजनिक किए जाने की कई नेताओं ने पार्टी लाइन से हटकर आलोचना की है और निजता के अधिकार की दलील दी है।


बता दें कि पारंपरिक विवाह के समर्थन में अभियान चलाने वाले जॉयस ने 24 साल पहले नतालिया से शादी की थी और दोनों की चार बेटियां हैं। जॉयस ने कहा, 'मेरी निजी जिंदगी के बारे में सार्वजनिक तौर पर चर्चा नहीं होनी चाहिए। मेरे खयाल से यह ठीक नहीं है। मैंने कभी अपने निजी संबंधों पर सरकारी धन खर्च नहीं किया।' वहीं जॉयस की पत्नी ने बयान जारी कर कहा कि उनका भरोसा टूट गया है।


Leave a Reply