बच्चों ने कहा प्रधानमंत्री की बातों पर करेंगे अमल

परीक्षा के तनाव से बच्चों को राहत देने के लिए शुक्रवार को जनपद के कई शैक्षणिक संस्थानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण किया गया। विद्यालयों में छोटे-छोटे बच्चों ने बड़े ही उत्साह से इस कार्यक्रम को सुना और तालियां बजाईं। यही नहीं बच्चों ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए गुर को भी गंभीरता से समझा। वहीं डिग्री व इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी परीक्षा को तनाव मुक्त होकर देने की बारीकियों को सीखा।
—-
छात्र हमेशा खुद से ही स्पर्धा करें
मदर इंडिया पब्लिक स्कूल, नंदग्राम। 12:30 बजे दोपहर
स्कूल में प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा को प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को दिखाया गया। स्कूल के निदेशक अर्चित त्यागी ने बताया कि प्रशासन के आदेशानुसार गुरुवार को कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी कर ली थीं। शुक्रवार को सभी छात्रों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना। संदेश में प्रधानमंत्री ने छात्रों को संदेश दिया की हमेशा खुद से ही स्पर्धा करनी चाहिए। खुद को बेहतर बनाना चाहिए।
—
परीक्षा में तनाव न लेने के तरीके बताए
जयपुरिया स्कूल, वसुंधरा सेक्टर-6। 12: 40 बजे दोपहर
स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम के लिए पहले ही तैयारियां की थी। एलसीडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों को परीक्षा के दिन में तनाव लेने की जरूरत नहीं है। इसमें छात्रों को समझाया गया कि उन्हें अपने आप को किसी से कम नहीं आंकना चाहिए। साथ ही बच्चों को समझाया कि हमें दिमाग में नहीं रखना चाहिए कि वह परीक्षा देने जा रहे हैं। इससे दिमाग तनाव मुक्त रहेगा। छात्रों ने ध्यानपूर्वक प्रधानमंत्री को सुना। इस मौके पर प्रधानाचार्या मंजू राणा ने बताया कि छात्रों ने प्रधानमंत्री के बताए तरीके पर अमल करने का निर्णय लिया।
हंसते-हंसते बिना रुकावट परीक्षा दें
विद्या बाल भवन स्कूल, सेक्टर-16, वसुंधरा। 12:45 बजे दोपहर
स्कूल में छात्रों को स्मार्ट बोर्ड के जरिये सीधे-सीधे प्रधानमंत्री के साथ जुड़ने का मौका मिला। कार्यक्रम बच्चों को परीक्षा के भय से तनावमुक्त करने के लिए आयोजित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बच्चों को बताया कि किस तरह उन्हें परीक्षा से खौफ में नहीं होना चाहिए। परीक्षा को हंसते-हंसते बगैर किसी रुकावट के मेहनत जारी रखनी चाहिए। इस मौके पर स्कूल के प्रबंधक निशांत शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी का कार्यक्रम काफी अच्छा रहा। स्कूलों के साथ प्रधानमंत्री खुद इस मुहिम में शामिल हुए हैं।
मेहनत और लगन के साथ तैयारी करें
नासिरपुर प्राथमिक विद्यालय। 12.50 बजे दोपहर
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘परीक्षा पर चर्चा का प्रोजेक्टर के माध्यम से सीधा प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। यहां कक्षा में छात्र-छात्राएं प्रधानमंत्री के संबोधन को बहुत ध्यान से सुन रहे थे। सभी बच्चे प्रधानमंत्री द्वारा बच्चों के सवालों के जवाब पर जमकर तालियां बजा रहे थे। परीक्षा पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परीक्षा कोई हौव्वा नहीं है। इससे डरने की कोई जरूरत नहीं है। बस पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करें।
बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण
वनस्थली पब्लिक स्कूल, वसुंधरा सेक्टर-3। 12.50 बजे दोपहर
वनस्थली स्कूल में छात्रों के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। छात्रों को प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा में तनाव मुक्त रहने के गुर बताए। इसमें पीएम ने छात्रों को बताया कि परीक्षा में बच्चों को अपने को कमजोर नहीं समझना चाहिए क्योंकि मेहनत करने से काम का समाधान हो जाता है। इस दौरान प्रधानाचार्या शशी जैन ने बताया कि कार्यक्रम के बाद सभी छात्रों ने मोदी के बताए तरीकों पर चलने का निर्णय लिया।
—-
परीक्षा का तनाव हमें कम, मम्मी-पापा को ज्यादा रहता है। प्रधानमंत्री की बात सुनकर अब मां-बाप हमें समझेंगे। -शिवम त्यागी
परीक्षा का तनाव दो माह पहले से ही शुरू हो जाता है लेकिन अब तनावमुक्त होकर परीक्षा देंगे। प्रधानमंत्री की बातों ने हौसला बढ़ाया। -नीरज शर्मा
प्रधानमंत्री हमारे गुरु हैं। उनकी बातें सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे मानों परीक्षा में उत्तीर्ण होना आसान है। अब कोई चिंता ही नहीं है। -तनु त्यागी
परीक्षा का नाम सुनते ही परेशान हो जाते थे। प्रधानमंत्री की बातों को सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। परीक्षा में अब कभी तनाव नहीं लेंगे। -निशांत
जीवन में आगे बढ़ने व परीक्षा को तनाव मुक्त होकर देने जैसी बातें प्रधानमंत्री ने बताई हैं। बहुत कुछ सीखा है इससे। -रुकैया
—-
छात्र-छात्राओं ने खूब बजाईं तालियां
गाजियाबाद। कार्यालय संवाददाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन जनपद के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों व महाविद्यालयों में हुआ। सभी छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री की बातों को बेहद ध्यान से सुना और जमकर तालियां बजाईं।
इस अवसर पर एसडी कॉलेज में प्रधानमंत्री को लाइव सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं समेत कॉलेज का स्टाफ जुटा। कार्यक्रम के अंत के बाद कॉलेज की प्राचार्या मंजू गोयल ने सभी छात्र-छात्राओं से सवाल-जवाब भी किए। इस कार्यक्रम में एसडी कॉलेज के प्रो. अनिल चौहान, साकेत सिसोदिया, वैभव त्यागी व डॉ. एसके अग्रवाल भी मौजूद रहे। वहीं आरकेजीआईटी के विद्यार्थियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन अभिभाषण में बढ़-चढ़कर भाग लिया। संस्थान में इस कार्यक्रम का आयोजन रोहित कुमार (कोर्डिनेटर) की ओर से किया गया था।
