शुर्पनखा की कटी नाक, सीता का हुआ हरण

जैसे ही शुर्पनखा की नाक लक्ष्मण ने काटी वैसे ही तेज ध्वनि और कराहने की आवाज से पूरा लीला स्थल गूंज उठा। वहीं रावण द्वारा छद्म वेश धारण कर चित्रकूट में आना और सीता का हरण करने का दृश्य बेहद मार्मिक बन गया था। दर्शकों की सीता हरण के दौरान उनकी मदद मांगने की गुहार से आंखे भर आईं थीं।
आकाश मार्ग से हुआ सीता का हरण
बता दें कि रविवार को लालकिला मैदान में आयोजित लवकुश रामलीला में भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। इस दौरान जहां शुर्पनखा की नाक काटने पर स्टेज पर 8 एट ट्रैक डोलबी साउंड सिस्टम का विशेष प्रबंध किया गया तो वहीं रावण द्वारा सीता जी का हरण विशाल रथ पर किया गया। इस दौरान उन्हें 80 फीट ऊंचाई से आकाश मार्ग से लंका ले जाने के दृश्य में दो विशाल क्रेनो का प्रयोग किया गया। वहीं लीला मंच पर बॉलीवुड के कई नामचीन स्टार्स मुश्ताक खान, मनीष चतुर्वेदी, प्रेरणा, गगन मलिक, समीक्षा भटनागर सहित 60 से अधिक डांसरों ने खूबसूरत नृत्यकला द्वारा गणेश पूजन किया। वहीं श्रीनवयुवक रामलीला कमेटी कश्मीरी गेट में श्रीरामचंद्र के राज्याभिषेक की घोषणा, कैकई-मंथरा संवाद, कैकई का कोप भवन में जाना, 14 वर्ष के लिए वनवास प्रस्थान व केवट-श्रीराम संवाद का मंचन किया गया। जबकि शास्त्री पार्क की विष्णु अवतार रामलीला कमेटी द्वारा श्रीराम केवट संवाद, दशरथ मरण व भरत मिलाप की लीला दिखाई गई। रविवार को लव कुश रामलीला कमिटी का एक प्रतिनिधि मंडल सचिव अर्जुन कुमार और मंत्री अंकुश अग्रवाल और आप नेता ब्रजेश गोयल के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके निवास स्थान पर मिला और दशहरा उत्सव में आने का न्यौता दिया है। जिसे केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर लीला कमिटी ने उन्हें रामलीला का प्रतीक चिन्ह गदा भेंट की।
