औरंगाबाद में दुकानदार को मारी गोली हालत गंभीर

औरंगाबाद | जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र की सिंदुआर पंचायत के अंगराही गांव में मंगलवार सुबह अपराधियों ने व्यवसाई पिंटू साव को गोली मार दी। व्यवसायी की गर्दन के पास गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर बनी है। गंभीर हालत में पिंटू साव को इलाज के लिए स्वजन पटना ले गए हैं। पुरानी रंजिश एवं पंचायत चुनाव के विवाद में गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है।
एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि व्यवसायी पिंटू साव को गोली मारी गई है। घायल पिंटू अंगराही गांव निवासी कैलाश साव का पुत्र है। एसपी ने बताया कि गोली मारने वाले अपराधियों की पहचान की जा रही है। दाउदनगर थानाध्यक्ष को पुलिसकर्मियों के साथ घटना स्थल पर भेजा गया है। जो लोग दोषी होंगे गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना के संबंध में कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं।
