दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में बहुत खराब होगी हवा की गुणवत्ता

दिल्ली । जैसे–जैसे मौसम में बदलाव हो रहा है वैसे–वैसे वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानी भी कह रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही रहेगी। मौसम विज्ञानी वीके सोनी ने बताया कि 4 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। दरअसल उत्तर–पश्चिमी हवाओं और पटाखे फोड़ने के कारण उसका असर अगले कुछ दिनों में देखने को मिलेगा। 4 नवंबर को दिवाली है, तमाम पाबंदियों के बावजूद इस दिन लोग चोरी छिपे पटाखे लेकर आएंगे और उसे जलाएंगे। इससे भी वायु प्रदूषण फैलेगा। इसके अलावा पराली जलाने की गति भी बढ़ रही है
उन्होंने बताया कि इन सबका असर दिवाली के बाद 5 से 6 नवंबर को देखने को मिलेगा, उन दिनों में हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच जाएगी। इसी के साथ अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान भी गिरकर 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वैसे भी इन दिनों सुबह और शाम के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। धूप भी पहले जितनी तेज नहीं निकल रही है। हवा की गति भी मंद है। ऐसे में वायु प्रदूषण में इजाफे से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
इस एप से जान पाएंगे धूल के महीन कणों की स्थिति
स्काइमेट वेदर ने एयर क्वालिटी इंडेक्स मोबाइल एप जारी किया गया है। इसे स्काइमेट एक्यूआइ एप नाम दिया गया है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर व आइओएस एप स्टोर से स्मार्ट फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है। इस एप के माध्यम से लोग देश के 400 जगहों की वायु गुणवत्ता, पीएम-2.5 व पीएम-10 की जानकारी ले सकेंगे। इस एप पर वायु गुणवत्ता की जानकारी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। पहले ही 400 जगहों पर वायु गुणवत्ता की जांच के लिए सेंसर लगा रखे हैं। इसके माध्यम से वायु गुणवत्ता की जानकारी कराई जाएगी। स्काइमेट वेदर मौसम से संबंधित विश्लेषण और जानकारी उपलब्ध कराने वाली निजी क्षेत्र की संस्था है।
