सिगरेट उधार ना देने पर दुकान में तोड़फोड़

हरियाणा | पुराना हमीदा की वाल्मीकि बस्ती खड्ढा कालोनी में सिगरेट उधार नहीं देने पर युवक ने अपने साथियों के साथ दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद घर में घुस कर महिलाओं व एक व्यक्ति से मारपीट की। कुलदीप का आरोप है कि मारपीट में उसकी मां को गुप्त चोट लगी। जिससे बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने केस में कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले राहुल व उसके कुछ साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिगरेट उधार ना देने पर तोड़फोड़
वाल्मीकि बस्ती निवासी कुलदीप ने बताया कि उनके पड़ोस में मोबाइल टावर के पास राहुल अपने माता–पिता के साथ रहता था। परंतु तीन माह से राहुल उनके घर के सामने बने अपने कमरे में रह रहा था। धीरे–धीरे राहुल के पास कुछ आवारा किस्म के लड़के भी आने लगे। जो रोजाना कमरे पर शराब पीकर हुड़दंग मचाते थे। इसके अलावा तेज अवाज में गाने भी बजाते थे। इस बारे में उन्होंने कई बार राहुल को समझाया कि वह बाहरी युवकों को यहां न बुलाया करे। परंतु उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।
कुलदीप का कहना है कि घर के पास ही उन्होंने एक दुकान भी कर रखी है। जहां पर उसका भतीजा शिवम मंगलवार को बैठा था। शाम के समय राहुल दुकान पर सिगरेट लेने गया। परंतु शिवम ने उसे उधार में सिगरेट देने से मना कर दिया। जिस पर राहुल ने फोन कर अपने साथियों को वहां बुलाया लिया। उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर जब उसकी पत्नी भारती, मां 65 वर्षीय सरोज बाहर आए तो राहुल उन्हें भी पकड़ लिया। घर में ले जाकर उनके साथ मारपीट की।
सिर व बाजू में आई काफी चोट
कुलदीप का आरोप है कि राहुल ने उसकी मां का गला दबाया और मारपीट की। जिससे उसे गुप्त चोट आई। इसी बीच वहां उसका भाई दलीप भी आ गया। दिलीप के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। दलीप के सिर व बाजू में काफी चोट लगी। दलीप ने मामले की शिकायत हमीदा चौकी पुलिस में दी। आरोप लगाया कि राहुल ने न केवल मारपीट की बल्कि उनकी बाइक को भी तोड़ दिया। साथ ही दुकान के गल्ले में रखे सात हजार रुपये भी चोरी कर लिए। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दलीप के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया था। परंतु सुबह सरोज की घर पर मौत हो गई।
