प्रयागराज में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्‍यक्ष पर जानलेवा हमला

प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्‍यक्ष अजय शर्मा को गोली मार दी गई। बदमाशों ने सोमवार की रात में वारदात को अंजाम दिया। गंभीर अवस्‍था में उन्‍हें स्‍वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर शहर के निजी अस्‍पताल में उनका इलाज हो रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली पेट व कंधे पर लगी है। उन्‍हें पांच गोली मारी गई है। फिलहाल जानलेवा हमला करने वालों की तलाश की जा रही है।

फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा गांव में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्‍यक्ष अजय शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। बताते हैं कि 35 वर्षीय अजय सोमवार की रात में घर से किसी काम से बाहर गए थे। रास्‍ते में अज्ञात आधा दर्जन बदमाशों ने उन्‍हें घेर लिया।

अपने को बदमाशाें से घिरा देख अजय शर्मा बचने के लिए भागने लगे। बदमाशों ने उन्‍हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्‍हें पांच गोली लगी है। गोली पेट व कंधे में लगी है। फायरिंग की आवाज ओर भाजपा किसान मोर्चा के नेता अजय की चीख सुनकर ग्रामीण उस तरफ भागे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाश कई राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

शहर के निजी अस्‍पताल में भर्ती, हालत गंभीर

अजय के परिवार के सदस्‍यों व ग्रामीण पुलिस को सूचना देकर तत्‍काल गंभीर अवस्‍था में उन्‍हें शहर स्थित स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए। वहां अजय की हालत नाजुक देख स्वजनों ने शहर के आनंद नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। स्वजनों का कहना है कि अजय शर्मा को आधा दर्जन के करीब पेट और गर्दन के पास गोली लगी है।

कार और बाइक पर सवार होकर आए थे हमलावर

घटना के बाद से गांव में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावर कार और बाइक से आए थे। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच–पड़ताल के बाद परिवार के लोगों व ग्रामीणों से पूछताछ किया। इंस्पेक्टर फाफामऊ रामकेवल पटेल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। घायल अजय प्रापर्टी का भी काम करते थे।

 

Leave a Reply