जम्मू-कश्मीर: दशक के सबसे बड़े एनकाउंटर में 11 आतंकी ढेर, संघर्ष में 50 लोग घायल

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और शोपियां में सुरक्षाबलों ने आतंकियों पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है. तीन अलग-अलग जगह चले एनकाउंटर में अबतक कुल 11 आतंकियों को मार गिराया गया है. जबकि एक आतंकी ने आत्मसमर्पण कर दिया है. कश्मीर में इस दशक का ये अब तक का सबसे बड़ा एनकाउंटर है. जिसमें एक ही दिन इतने आतंकियों को ढेर किया गया है.
शोपियां में 10 आतंकी ढेर
शोपियां के द्रागड गांव में 7 आतंकियों को ढेर किया गया है. जबकि दूसरे ऑपरेशन में शोपियां के काचदोरा में 3 आतंकियों को मारा गया है. इसके अलावा अनंतनाग के दयालगाम में 1 आतंकी सुरक्षाबलों की गोलियों का निशाना बना है. इस तरह तीन अलग-अलग जगह चल रहे एनकाउंटर में अब तक 11 आतंकियों को मारा जा चुका है.
नागरिक की मौत से गुस्सा
शोपियां में एनकाउंटर के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. इसके अलावा साउथ कश्मीर के दूसरे इलाकों में भी माहौल संवेदनशील हो गया है. दरअसल, एनकाउंटर के दौरान 1 स्थानीय नागरिक की मौत की खबर है. साथ ही 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. जिसके बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा नजर आ रहा है.
बंद का ऐलान
इस घटना के बाद अलगाववादी नेताओं ने दो दिन का बंद बुलाया है. अलगावादियों के समूह जेआरएल ने आज और कल के लिए बंद बुलाया है. साथ ही लोगों से कामकाज छोड़कर आज शाम 4 बजे जनाजे की नमाज में हिस्सा लेने के भी कहा गया है.
शोपियां में मारे गए हिजबुल आतंकी
बताया जा रहा है कि शोपियां के दरागड़ गांव में मरने वाले सातों आतंकी हिजबुल मुहाजिदीन से जुड़े थे. इनमें से चार की पहचान यावर इट्टू, आदिल ठाकुर, नाजिम नजीर डार और ओबैद शफी के रूप में की गई है. बाकी तीन की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है.
अनंतनाग में भी मुठभेड़
जम्मू पुलिस के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने के बाद अनंतनाग पुलिस थाना क्षेत्र के डायलगाम इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया और उनसे आत्मसमर्पण के लिए कहा गया. इस दौरान एक आतंकी के परिवार ने भी उसे सरेंडर करने के लिए मनाने की कोशिश की. जिसके बाद उसने खुद को सुरक्षाबलों के हवाले कर दिया और उसे हिरासत में ले लिया गया.
वहीं, दूसरे आतंकी ने सुरक्षाबलों की अपील नहीं मानी और वो फायरिंग करता रहा. जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की और आतंकी को ढेर कर दिया.
4 जवान घायल
इन दोनों घटनाओं में 4 जवान भी घायल हुए हैं. एक जवान अनंतनाग में और तीन जवान शोपियां में घायल हुए हैं.
रेलवे सेवा और इंटरनेट बंद
एनकाउंटर के बाद साउथ कश्मीर में रेल सेवा बंद कर दी गई है. रेलवे अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से बानिहाल के बीच आज रेल बंद रहेगी. जबकि श्रीनगर से बारामूला के बीच निर्धारित समय के तहत ही रेल चलेगी. वहीं, घाटी में इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया है.
