मालदीव ने फिर दिया झटका, ठुकराया भारत का निमंत्रण

मालदीव ने रक्षा प्रदर्शनी में मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजने के भारत के निमंत्रण को ठुकरा दिया है. हथियारों और सैन्य उपकरणों की द्विवार्षिक प्रदर्शनी अगले हफ्ते चेन्नई में होगी. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.
मालदीव के इस निर्णय को नयी दिल्ली के लिए झटका माना जा रहा है. इस वर्ष की शुरुआत में मालदीव में आपातकाल लगाए जाने के लिए भारत ने अब्दुल्ला यामीन की सरकार की आलोचना की थी. सूत्रों के अनुसार मालदीव ने नयी दिल्ली को बता दिया है कि इसके रक्षा मंत्री विदेश दौरे पर जा रहे हैं और इसलिए उनके लिए प्रदर्शनी में शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना संभव नहीं है. प्रदर्शनी दक्षिण चेन्नई के तिरूविदानदाई में 11 से 14 अप्रैल तक चलेगी.
मालदीव ने भारत में छह से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले आठ दिवसीय नौसेना अभ्यास मिलन में भी शामिल होने के निमंत्रण को फरवरी में ठुकरा दिया था. मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन द्वारा 5 फरवरी को आपातकाल की घोषणा करने के बाद भारत और मालदीव के बीच संबंध काफी खराब हो गए.
भारत ने मालदीव में एक महीने के लिए आपातकाल बढ़ाने पर 21 फरवरी को कड़ी आपत्ति जताई थी. आपातकाल 45 दिनों बाद हटाया गया.
