खोया भरोसा जीतने के लिए अब ये कदम उठाएगी फेसबुक, जकरबर्क ने किया पोस्ट

डेटा लीक को लेकर विवादों में फंसी सोशल मीडिया साइट फेसबुक के मालिक मार्क जकरबर्ग अपनी कंपनी को उबारने और लोगों का भरोसा वापस जीतने के लिए 2018 में फेसबुक में कुछ नए बदलाव करने जा रहे हैं. मार्क जकरबर्ग ने एक लंबे फेसबुक पोस्ट में लिखा कि साल 2018 में फेसबुक के इंटरफेस को सुरक्षित रखना और चुनाव के दौरान फेसबुक के माध्यम से गलत जानकारी फैलने से रोकना उनकी दो प्राथमिकताएं होंगी.


जकरबर्क ने लिखा कि इसके लिए उनकी कंपनी कुछ जरूरी कदम उठाने वाली है. इसके बाद उन्होंने एक-एक कर उन कदमों के बारे में जानकारी दी, जो इस प्रकार हैं:


– हम एक नया एआई टूल बनाएंगे जो हजारों फेक अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें डिलीट करेगा. इसके अलावा यह एआई सभी राजनीतिक विज्ञापनदाताओं और बड़े पेज के एडमिन्स को वेरिफाई करेगा. इसके साथ ही ऐड ट्रांसपेरेंसी टूल लॉन्च करेगा.


– हम एक स्वतंत्र इलेक्शन रिसर्च कमिशन बनाएंगे. जो चुनाव और लोकतंत्र पर सोशल मीडिया के प्रभाव पर रिसर्च करेगा.उन्होंने आगे लिखा कि इसके लिए फेसबुक यूएस के कई संगठनों से बात कर रही है ताकि शिक्षाविदों और रिसर्चर्स की एक कमिटी बनाई जा सके. हम उन रिसर्चर्स को अपने रिसोर्स का पूरा इस्तेमाल करने देंगे ताकि वे चुनाव में फेसबुक की भूमिका को लेकर निष्पक्ष राय दे सें. इसके साथ ही इस पर भी हमे राय दे सके कि हम अपने प्लेटफॉर्म पर रिस्क हैंडलिंग कैसे कर रहे हैं और हमें सुझाव दे सकें कि आने वाले चुनावों से पहले हम क्या कद उठा सकते हैं. वे अपना काम सार्वजनिक रूप से शेयर कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें हमारे अप्रूवल की आवश्यकता नहीं होगी.


बता दें कि पिछले महीने चुनाव रिसर्च कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका पर 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स का फेसबुक डेटा चुराकर उनका गलत इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगा था. इस खुलासे के बाद से फेसबुक डेटा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

Leave a Reply