मोतिहारी में बोले पीएम- सरकार के काम में अटकाए जा रहे रोड़े

पटना। चंपारण सत्याग्रह के 100 साल पूरे होने पर पीएम मोदी यहां स्वच्छता का संदेश देने के लिए पहुंचे। उन्होंने राज्य को 6600 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने इस दौरान गांधी मैदान पर हो रहे स्वच्छग्रह कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में बिहार में 8.50 लाख शौचालयों का निर्माण हुआ है। यह एक बड़ी उपलब्धि है, मैं आम लोगों, स्वच्छाग्रहियों और राज्य सरकार को बधाई देता हूं।


इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी हमला बोला और कहा कि सरकार के काम में रोड़े अटकाए जा रहे हैं। जन-जन को तोड़ने का काम हो रहा है। जिन लोगों को बदलाव स्वीकर नहीं वो परेशान हो रहे हैं।


पीएम आगे बोले कि स्वच्छता का मिशन हो, काला धन या भ्रष्टाचार की लड़ाई हो, या फिर आम जन की सुविधाओं की बात हो, केंद्र सरकार नीतीश जी और उनकी सरकार के साथ चल रही है। इस मंच से छह हजार छह सौ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करने का सौभाग्य मुझे मिला है। ये योजनाएं बिहार व चंपारण के लिए अहम होंगी। ये परियोजनाएं कहीं न कहीं स्वच्छता से जुड़ी हुई हैं। आज की ये परियोजनाएं केंद्र सरकार केे उस विजन का परिणाम है, जिसमें पूरे भारत का विकास निहित है।


इक्कीसवी सदी की आवश्यकताओं को देखते हुए इन इलाकों में हाई-वे, रेलवे, वाटर-वे इन सभी का विकास तेज गति से हो रहा है। आज लगभग नौ सौ करोड़ रुपये के नेशलन हाई-वे का शिलान्यास किया गया।


इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोजपुरी में संबोधन आरंभ किया। भोजपुरी में ही कहा कि महात्‍मा गांधी ने चंपारण के बड़हरवा लखनसेन से स्‍वच्‍छता अभियान की शुरूआत की थी।


उन्‍होंने आगे कहा, इतिहास खुद को दोहराता है। सौ वर्ष पहले का इतिहास फिर साक्षात मौजूद है। मेरे सामने वो स्‍वच्‍छाग्रही बैठे हैं, जिनके भीतर गांधी विराजमान हैं। मैं उनको प्रणाम करता हूं। चंपारण की धरती पर सौ साल पहले दुनिया ने ऐसा आंदोलन देखा था। आज फिर दुनिया इस आंदोलन को देख रही है। चंपारण से मेरा पुराना नाता है।


पीएम बोले कि सौ साल में भारत की तीन कसौटियों के समय बिहार ने देश को रास्‍ता दिखाया। जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था तब बिहार ने मोहन दास करमंचद गांधी ने बापू बना दिया था, महात्मा गांधी बना दिया था। जब देश के लोकतंत्र पर संकट आया तो इसी धरती के लाल ने लोकतंत्र को बचा लिया था।


पीएम ने कहा कि नीतीश और सुशील मोदी के नेतृत्‍व में बिहार ने जो कर दिखाया, सभी के हौसले बुलंद कर दिया। बीते एक सप्‍ताह में बिहार में आठ लाख से अधिक शैचालय बनाने का काम पूरा किया गया। यह गति व प्रगति कम नहीं है। बिहार जल्‍द ही स्‍वच्‍छता का दायरा बढ़ाकर राष्‍ट्रीय औसत पाने में सफल हो जाएगा।


पीएम ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारत की तीन बड़ी चुनौतियों के समय बिहार ने देश को रास्ता दिखाया। जब देश गुलामी की जंजीरों से बंधा था तब बिहार ने गांधी जी को महत्मा बनाया, बापू बना दिया।


प्रधानमंत्री इसके बाद देश के 13 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। गांधी मैदान को अस्थायी पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) जैसा बना दिया गया है।


कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 20,000 स्वच्छाग्रही उपस्थित थे। मोदी के साथ मंच पर बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहे।


10 अप्रैल को महात्मा गांधी ने शुरू किया था सत्याग्रह


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन के लिए 10 अप्रैल, 1917 को ही बिहार आकर आंदोलन की शुरुआत की थी। उस तारीख के 100 साल होने पर 2017 में चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह की शुरुआत हुई थी। एक साल तक चले इस समारोह का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया जाएगा। चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह के समापन समारोह को सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह नाम दिया गया है।


Leave a Reply