कठुआ और उन्नाव रेप केस पर आखिर मौन क्यों है प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। जम्‍मू-कश्‍मीर के कठुआ में 8 साल की बच्‍ची की गैंगरेप के बाद हत्‍या के बाद तनाव है। विभिन्‍न क्षेत्रों की मशहूर हस्तियों ने कठुआ और उन्‍नाव रेप की घटना की कड़ा विरोध किया है। कठुआ में 8 साल की बच्ची से दरिंदगी और उन्नाव में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इंडिया गेट पर आधी रात को कैंडल मार्च निकाला। राहुल ने कहा कि यह मार्च राजनीति करने के लिए नहीं है, यह देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों को रोकने के लिए है। सरकार ऐसे मामलों में कुछ नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महिलाओं को बचाने के लिए तुरंत काम शुरू करना चाहिए। उधर उन्नाव रेप केस में भी पहली शिकायत के 10 महीने बाद आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इन सब के बीच हर मुद्दे पर बेबाकी से राय रखने वाले प्रधानमंत्री मोदी चुप हैं। जिसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा हो रही है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने चुप्पी क्यों साध रखी है।

विपक्ष ने उठाए सवाल

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( राकांपा ) की सांसद सुप्रिया सुले ने जम्मू – कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं। सुले ने प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर ट्वीट किया, उन्होंने लिखा कि सरकार एक तरफ कहती है बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और दूसरी तरफ बच्ची के बलात्कार पर चुप रहती है , जो परोक्ष रूप से इस घृणित अपराध के दोषियों का बचाव करने जैसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इसपर चुप कैसे रह सकते हैं ? सुले ने कहा कि वह इस बात से बेहद दुखी हैं कि दक्षिणपंथी विचारक बलात्कार को कैसे सही ठहरा रहे हैं। पीएम मोदी की चुप्पी पर विपक्ष तो सवाल ही रहा है। उधर यूपी बीजेपी की प्रवक्ता दीप्ति भारद्वाज उन्नाव रेप में कार्रवाई को लेकर गुहार लगा चुकी हैं। बीजेपी की मीडिया पैनलिस्ट दीप्ति भारद्वाज ने उन्नाव मामले को लेकर कई ट्वीट किए हैं और सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मामले में पार्टी और सरकार की छवि को बचाने की अपील की है। उन्नाव रेप कांड को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने अपनी सरकार को ही कोसा है। भाजपा प्रवक्ता ने ट्वीट करके कहा कि अमित शाह जी यूपी को बचा लीजिए।

इन मुद्दों पर भी पीएम ने साधी चुप्पी

प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले दलित आंदोलन के मुद्दे पर भी पीएम ने चुप्पी साध रखी थी। पूरे देश में दलित अपने अधिकारों के लिए हंगामा कर रहे थे लेकिन पीएम ने कुछ नहीं बोला। सीबीएसई पेपर लीक के मामले में भी पीएम मोदी ले लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी। सीबीएसई पेपर लीक की वजह से लाखो छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ लेकिन पीएम को मौन जारी रहा। ताजा मामला कठुआ और उन्नाव रेप केस का है। इन मुद्दों पर पीएम मोदी ने अभी तक मौन ही रखा है। उधर विपक्ष महिला सुरक्षा के मामले में कार्रवाई चाहता है।

'अगर आप उसका दर्द नहीं समझ सकते तो आप इंसान नहीं हैं'

जम्मू के कठुआ जिले में रस्साना जंगलों से 17 जनवरी को एक आठ वर्षीय बच्ची आसिफा का शव बरामद हुआ था। बच्ची इससे एक सप्ताह पहले जंगल में घोड़ों को चराते हुए लापता हो गई थी। उसे एक मंदिर में कई दिन तक बंधक बनाकर रखा गया, उसे नशे में रखा गया, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर दी गई। कठुआ की घटना पर बॉलीवुड की कई हस्तियों ने रोष प्रकट किया है। फरहान अख्तर ने कहा, 'जरा सोचिए, उस आठ साल की बच्ची के दिमाग में क्या चल रहा होगा, जिसे कई दिनों तक नशा दिया गया, बंधक बनाया गया, कई दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। अगर आप उसका दर्द नहीं समझ सकते तो आप इंसान नहीं हैं। अगर आप आसिफा के लिए न्याय की मांग नहीं करते तो आपका कोई वजूद नहीं है। रेणुका शहाने ने कहा, 'पीड़ित का धर्म और दुष्कर्मी का धर्म कभी भी कोई मायने नहीं रखना चाहिए। इसका कोई मतलब नहीं है। दुष्कर्म मानवता के खिलाफ अपराध है। भयावह है कि कुछ लोग दुष्कर्मियों का भी समर्थन कर सकते हैं। यकीन से परे जाकर स्तब्ध हूं। मानवता, तेरी आत्मा को शांति मिले।' कठुआ रेप पीड़िता के इंसाफ के लिए श्रद्धा कपूर और प्रियंका चोपड़ा ने भी ट्वीट किया है।


Leave a Reply