पांच लाख का लोहा लेकर निकला ड्राइवर फरार

बिलासपुर। पांच लाख का लोहा लेकर निकले ट्रेलर के चालक ने माल को दूसरी जगह बेच दी। इसके बाद वह ट्रेलर को जांजगीर में लावारिस छोड़कर फरार हो गया। ट्रांसपोर्टर ने इसकी शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपित ड्राइवर की तलाश कर रही है। व्यापार विहार में रहने वाले कपिल खनुजा ट्रांसपोर्टर हैं। उनकी गाड़ियां मस्तूरी क्षेत्र के राशि प्लांट से ट्रांसपोर्ट का काम करती है। उन्होंने आठ अक्टूबर को ट्रेलर में चार लाख 90 हजार का लोहा लोड कर रायगढ़ के नवदुर्गा फ्यूल के लिए भेजा था। इसके दूसरे दिन उन्होंने अपने परिचित सुरेश डोंगरे को फोन कर ट्रेलर के संबंध में पूछताछ की। इस पर परिचित ने बताया कि गाड़ी का ड्राइवर माल खाली कर जा चुका है। वहीं, उन्होंने अपने ड्राइवर के नंबर पर काल किया तो उसका नंबर बंद आ रहा था। उन्होंने अपने दूसरे ड्राइवर को मनोज को ट्रेलर की तलाश के लिए भेजा। मनोज ने बताया कि ट्रेलर जांजगीर जिले के भदरी चौक के पास खड़ा था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने मनोज से ट्रेलर को मंगा लिया। इसके बाद ड्राइवर कृष्णा के बताए पते पर कोटा में पता किया। ड्राइवर की जानकारी नहीं मिलने पर ट्रांसपोर्टर ने इसकी शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश कर रही है। ट्रेलर से माल गायब होने पर ट्रांसपोट्रर कपिल ड्राइवर के लाइसेंस में दिए पते कोटा सिलपट फैक्ट्री के पास जाकर जानकारी जुटाई। आसपास के लोगों ने लाइसेंस में दिए फोटो को देखकर बताया कि इसमें नाम गलत लिखा है। फोटो कोटसागर पारा में रहने वाले राजेश पांडेय का है। वहीं, कृष्णा नाम ड्राइवर दूसरा है। ट्रांसपोर्टर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी है।
