कटरीना कैफ श्रीराम राघवन की फिल्म में विजय सेतुपति संग आएंगी नजर

कटरीना कैफ और विकी कौशल ने शादी के बाद शॉर्ट हनीमून की योजना बनाई और जल्दी ही मुंबई लौट आए। शादी के कुछ ही दिन बाद विकी कौशल को सेट पर जाते हुए देखा गया। उन्होंने अपनी एक फोटो भी पोस्ट की थी और बताया कि वह काम पर वापस लौट आए हैं। इसके साथ ही कटरीना की फिल्मों की शूटिंग की खबरें आने लगीं। वह सलमान खान की 'टाइगर 3' की शूटिंग शुरू करेंगी। उससे पहले उन्होंने फैन्स को क्रिसमस का तोहफा दिया और अपनी आने वाली फिल्म 'मैरी क्रिसमस' का ऐलान किया।

कटरीना ने अपने सोशल मीडिया पेज पर एक तस्वीर शेयर की है। उनके साथ तस्वीर में श्रीराम राघवन, रमेश तौरानी, विजय सेतुपति और संजय राउतरे नजर आ रहे हैं। कटरीना ने इसके साथ कैप्शन में लिखा- 'नई पारी। फिर से सेट पर, निर्देशक श्रीराम राघवन की मैरी क्रिसमस के लिए। मैं हमेशा श्रीराम सर के साथ काम करना चाहती थी। जब थ्रिलर कहानियों की बात हो तो वह इसमें माहिर हैं। उनके द्वारा इसे निर्देशित किया जाना सम्मान की बात है। विजय सेतुपति, रमेश तौरानी और संजय राउतरे के साथ जुड़ने पर बहुत उत्साहित हूं।' 

पहली बार विजय सेतुपति के साथ जोड़ी

'अंधाधुन' फेम निर्देशक श्रीराम राघवन 'मैरी क्रिसमस' के निर्देशक हैं। कटरीना के साथ मुख्य भूमिका में साउथ फिल्मों के सुपरस्टार विजय सेतुपति हैं। यह पहली बार है जब कटरीना विजय के साथ काम कर रही हैं। फिल्म इसी हफ्ते फ्लोर पर चली गई और इसका पहला शेड्यूल मुंबई में शूट किया जा रहा है।

क्रिसमस पर होगी रिलीज 

'मैरी क्रिसमस' एक थ्रिलर फिल्म है। इसे रमेश तौरानी और संजय राउतरे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म अगले साल 23 दिसंबर 2022 को रिलीज होगी। 

 

Leave a Reply