पटना एम्स में कोरोनावायरस से महिला की मौत

पटना। बिहार में कोरोनावायरस फिर से जानलेवा बन गया है। संक्रमण के नए केस दिसंबर महीने में लगातार बढ़ते गए हैं, वहीं मरीजों की मौत का सिलसिला भी तेज हो गया है। पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में रविवार को कोरोना संक्रमित 53 वर्षीया महिला की इलाज के क्रम में मौत हो गई। वे 17 दिसंबर से एम्स में भर्ती थीं। कोरोना के कारण सांस लेने में परेशानी की समस्या पर उन्हें भर्ती कराया गया था। कोरोना के अलावा उन्हें कोई दूसरा रोग नहीं था। एम्स के कोरोना नोडल पदाधिकारी डा. संजीव कुमार ने यह जानकारी रविवार को दी।
इसके पूर्व एम्स में 15 दिसंबर, दो दिसंबर को नेहरू नगर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग और इसके बाद पटना के बोरिंग रोड निवासी 88 वर्षीय रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की मौत हो चुकी है। दिसंबर माह में एम्स में यह कोरोना के कारण चौथी मौत है। वहीं, 12 दिसंबर को आइजीआइएमएस में पटना के मानसपथ पटेल नगर की 45 वर्षीय महिला और 16 दिसंबर को पारस में पटेल नगर निवासी एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है।
नहीं था दूसरा कोई रोग
डा. संजीव कुमार ने बताया कि सराय निवासी महिला की हालत कई दिनों से गंभीर बनी हुई थी। उन्हें आइसीयू में रखा गया था। कोरोना के कारण उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ थी और आक्सीजन स्तर भी कम बना हुआ था। उन्हें हाइपरटेंशन, मधुमेह, किडनी या हृदय जैसे किसी रोग से पीडि़त नहीं थीं। हालांकि, एम्स से यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि उन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ली थी या नहीं।
