हरियाणा में बारिश होने की संभावना

यमुनानगर । बादल छाने से तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम 18 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में और भी गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक अगले एक सप्ताह में बूंदाबांदी होने के आसार बने हुए हैं।
गेहूं के लिए फायदेमंद
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. जसविंद्र सैनी का कहना है कि तापमान में गिरावट गेहूं व सरसों की फसल के लिए फायदेमंद हैं। फसल का फुटाव बेहतर होगा। क्षेत्र में बूंदाबांदी होने से फसलों को फायदा मिलेगा। क्षेत्र में सरसों की फसल अच्छी लहलहा रही है।
यह रहेगा इस सप्ताह का मौसम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा। सोमवार को अधिकतम 20 व न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहेगा। धूप निकलने के साथ–साथ बादल भी छाए रहेंगे। जबकि मंगलवार को दिनभर बादल छाने के साथ–साथ बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम आठ डिग्री होगा। बुधवार को धूप निकलेगी। अगले दिन वीरवार को एक बार फिर से बादल छाएंगे। अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम छह डिग्री तथा शुक्रवार को अधिकतम 20 व न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
