अगले दो दिन में मौसम लेगा करवट

लखनऊ। पहाड़ों में बर्फ गिरने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश और बदली से ठंड बढ़ रही है। अब अगले दो दिन में समूचा उत्तर प्रदेश ठंड की चपेट में रहेगा। इस दौरान शीतलहर के साथ प्रदेश में कई जगह पर हल्की बारिश भी होगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के मुताबिक आज रात से बदायूं, अलीगढ़, कासगंज, मथुरा हाथरस और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होगी। इसके साथ ही ठंडी हवा के तेज गति से चलने से 28 व 29 को बारिश के आसार हैं। मौसम में आने वाले दिनों में भारी बदलाव के संकेत हैं। सर्द हवा चलने के साथ 28 और 29 दिसंबर को प्रदेशभर में बारिश होने की संभावना है। इससे प्रदेश में तापमान गिरेगा।
राज्य में अलग-अलग स्थानों पर सुबह मध्यम कोहरा पड़ेगा। रविवार को सभी जगह पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस के उछाल के बाद दिन में ठंड से राहत मिली है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय क्षेत्र में बढ़ी बर्फबारी और हवाओं का असर गलन के रूप में शाम को महसूस किया जा सकता है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में 29 को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 28 और 29 दिसंबर को बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी आएगी, लेकिन रात में तापमान सामान्य होने से ठंड से राहत रहेगी। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने 31 दिसंबर के बाद तापमान में फिर से गिरावट की संभावना जताई है। ïइसके बाद अगले दस से 15 दिन तक ठंड काफी बढ़ी रहेगी।
