सूरत रेप: राजस्थान से कॉन्ट्रैक्टर समेत 2 को गिरफ्तार, बच्ची को 7 दिन तक यातनाएं दीं और मार डाला

सूरत.गुजरात पुलिस ने 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले को सुलझाने का दावा किया। सीसीटीवी फुटेज से एक ब्लैक कार का सुराग मिलने पर पुलिस ने राजस्थान के सवाई माधोपर जिले के गंगापुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्ची का शव ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल हुई कार भी बरामद कर हो गई। बता दें कि 6 अप्रैल को नाबालिग का शव पांडेसरा इलाके में मिला था। इसकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की बात सामने आई थी।


– पुलिस के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज काफी मददगार साबित हुए। कार की पहचान होने पर सबसे पहले इसके मालिक हरसहाय गुर्दर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद एक और आरोपी को पकड़ा गया।


– हरसहाय ही घटना का मास्टरमाइंड है। वह मार्बल लगाने की ठेकेदारी करता है और 6 महीने पहले बच्ची और उसकी मां को राजस्थान से सूरत लाया था। यहां उसने दोनों को सूरत के कामरेज इलाके में रखा। आरोपी अक्सर महिला से मिलने उसके घर आता-जाता था।


आरोपी के बच्ची की मां से संबंधों का शक


– वरिष्ठ पुलिस अफसर के मुताबिक, हरसहाय की पत्नी को उसके सूरत की महिला से अवैध रिश्ते होने की बात पता चल गई थी। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। 

– वहीं, सूरत में रहने वाली महिला भी बार-बार हरसहाय से रुपए मांगती थी। महिला को लेकर आए दिन पत्नी से लड़ाई से वह परेशान हो चुका था। उसने महिला को कहीं गायब करवा दिया। इसके बाद उसकी बच्ची को अपने घर ले आया। अब बच्ची को लेकर भी विवाद शुरू हो गया। 

– करीब एक हफ्ते तक हरसहाय ने बच्ची को घर में बंधक बनाकर रखा। उसे यातनाएं दी गईं। दुष्कर्म के बाद आरोपी हरसहाय ने बच्ची का गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को फेंक दिया। चार दिन बाद वह पत्नी और बेटे के साथ राजस्थान के अपने गांव कुनकटा खुर्द चला गया। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ा।


बच्ची और महिला का डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजा


– बच्ची का शव मिलने के तीन दिन बाद 9 अप्रैल को पांडेसरा में एक महिला की लाश मिली थी। उसकी भी हत्या गला घोंटकर की गई थी। पुलिस के अनुसार यह महिला उस बच्ची की मां हो सकती है। पुष्टि के लिए बच्ची और महिला के डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।


केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी: गृह राज्य मंत्री


– गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने बताया कि आरोपियों को गुजरात लाया जा रहा है। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। इसके लिए सरकार स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर नियुक्त करेगी। 9 अप्रैल को बच्ची के शव से कुछ किमी दूर एक महिला का शव भी मिला था। यह उस बच्ची की मां का हो सकता है।


Leave a Reply