सांसद औजला के आफिस में गोली चला पचास हजार रुपये लूटे

अमृतसर। गुरुनगरी में अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं दिख रहा है। रविवार रात दो लोगों ने कांग्रेस के सांसद गुरजीत सिंह औजला के कार्यालय में घुसकर गोली चलाकर दहशत फैला दी और फिर पचास हजार रुपये और आइ पैड लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। उधर, एएआइ सतनाम सिंह ने बताया कि गुमटाला निवासी जोगिंदर सिंह और उसके बेटे लव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सौरव शर्मा ने कैंटोनमेंट थाने की पुलिस को बताया कि वह सांसद गुरजीत सिंह औजला के कार्यालय का कामकाज देखते हैं। रविवार की रात वह गुमटाला बाइपास पर स्थित गुमटाला एस्टेट स्थित सांसद के कार्यालय में काम देख रहे थे। इस बीच लव और उसका पिता जोगिंदर सिंह दफ्तर के भीतर घुस आए। आरोपितों ने पहले गोली चलाई और फिर उसे जान से मारने की धमकियां देने लगे। उन्होंने टेबल पर रखे पचास हजार रुपये और आइ पैड लूट लिया और फरार हो गए।
