शहनाज गिल के पिता संतोख सुख पर बाइक सवारों ने चलाई गोली

पंजाबी फिल्मों की लोकप्रिय एक्ट्रेस शहनाज गिल के पिता संतोख सिंह सुख पर फायरिंग की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार शाम अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में जब उनके सिक्योरिटी गार्ड्स वॉशरूम गए थे तभी उन पर हमला कर दिया गया। घटना गुरुदासपुरुया के एक ढाबे के पास हुई है। गौर करने की बात ये भी है कि संतोख सिंह ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी।
बाल-बाल बची शहनाज के पिता की जान– पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक दो लोग बाइक पर सवार होकर आए और उनकी गाड़ी के पास आकर रुक गए। मौका देखकर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी पर चार बार गोली चलाई गई। जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त संतोख सिंह के ड्राइवर गाड़ी में ही मौजूद थे। इस घटना में संतोख की जान बाल-बाल बची है।
बिग बॉस से पॉपुलर हुई थीं शहनाज– शहनाज गिल पंजाबी फिल्मों की सुपरस्टार हैं और रियलिटी टीवी शो बिग बॉस के जरिए उन्हें उत्तर भारत में लोकप्रियता मिली थी। पिछले कुछ वक्त से शहनाज लगातार सुर्खियों में बनी हुई थीं। जहां तक शहनाज के पिता संतोष सिंह की बात है तो हाल ही में BJP जॉइन करने के बाद वह एक कार्यक्रम में शरीक होने के लिए जा रहे थे जब उन पर हमला हो गया।
ईंट फेंकने पर भाग गए हमलावर– गोलियों की आवाज सुनकर उनके सुरक्षाकर्मी दौड़े और हमलावरों पर ईंट फेंकना शुरू किया। इसके बाद हड़बड़ी में वो वहां से निकल भागे। जंडियाला गुरु पुलिस को इस बारे में तुरंत सूचित किया और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस बारे में मामला नहीं दर्ज करने की बात कही।
पुलिस ने किया FIR करने से इनकार– जंडियाला गुरु पुलिस स्टेशन के स्टेशन अफसर हरप्रीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल से गोलियों के चार खोखे बरामद किए गए हैं। 'प्रारंभिक जांच के बाद मामला कुछ संदिग्ध पाया गया और इसलिए आगे की जांच की जा रही है' अधिकारी ने कहा कि हाल ही में उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी क्योंकि उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं
