साल के आखिरी दिन आएगी विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडेय की फिल्म लाइगर

करण जौहर निर्मित और पुरी जगन्नाथ निर्देशित लाइगर 2022 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म से तेलुगु सिनेमा के स्टार विजय देवरकोंडा बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म तेलुगु के साथ-साथ हिंदी में भी बनायी गयी है। 2021 की विदाई के साथ लाइगर की प्रमोशनल गतिविधियां रफ्तार पकड़ रही हैं। साल के आखिरी दिन 31 दिसम्बर को फिल्म की पहली झलक रिलीज की जा रही है। करण जौहर ने इसकी जानकारी एक एनाउंसेंट वीडियो के साथ साझा की। लाइगर बॉक्सिंग पर आधारित एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें लीजेंड्री मुक्केबाज और विश्व चैम्पियन रहे माइक टाइसन भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। लाइगर 2022 में 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज की जाएगी।
विजय देवरकोंडा ने तेलुगु सिनेमा में कई हिट फिल्में दी हैं। खासकर, अर्जुन रेड्डी के लिए विजय काफी चर्चा में रहे थे। बाद में इस फिल्म को हिंदी में कबीर सिंह टाइटल से रीमेक किया गया, जिसमें शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। यह फिल्म बेहद कामयाब रही और शाहिद के करियर की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सक्सेस बनी।
लाइगर, अनन्या पांडेय की पहली फिल्म है, जो दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी बनायी गयी है। इस फिल्म को उनका साउथ सिनेमा में डेब्यू माना जा सकता है। लाइगर पहले 2021 में 9 सितम्बर को रिलीज होने वाली थी, मगर कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण सिनेमाघरों की बंदी की वजह से फिल्म की रिलीज स्थगित कर दी गयी थी।
