श्रीनगर में तैनात मेजर ने शादी का झांसा देकर आर्मी मैन की बेटी से किया दुष्कर्म

पटियाला। पड़ोस में रहने वाली सूबेदार मेजर की बेटी को प्रेम जाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर एक मेजर ने दुष्कर्म कर दिया। यही नहीं मुलाकात के बहाने अलग–अलग जगह बुलाने के बाद 24 वर्षीय युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर गोलियां खिला दी। पांच सालों से अधिक समय तक यह सिलसिला चलता रहा, लेकिन मेजर ने शादी नहीं की, जिस वजह से लड़की ने अंबाला पुलिस को कंप्लेंट कर दी।
हरियाणा के अंबाला वुमेन थाना पुलिस ने इन दिनों श्रीनगर में तैनात मेजर अमनदीप सिंह निवासी प्रोफेसर कालोनी सामने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद पटियाला पुलिस को फाइल भेज दी। यहां थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुकद्दमा नंबर 407 दर्ज करने के बाद लड़की का मैडिकल करवाया। थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरबीर सिंह ने कहा कि एसआइ गुरप्रीत कौर को जांच का जिम्मा सौंपा है, उन्होंने बुधवार को मेडिकल की प्रक्रिया शुरू करवा दी है। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार करेंगे।
यह है पूरा मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पिता आर्मी में सूबेदार मेजर थे, जिनकी साल 2013 में फतेहगढ़ यूपी में पोस्टिंग थी। वह अपने पिता के पास मिलने के लिए यूपी में गई थी, जहां पर उनके पड़ोस में आरोपित मेजर अमनदीप सिंह रहता था। क्वाटर्र आसपास होने की वजह से इनके पारिवारिक संबंध थे और पीड़िता की आरोपित के साथ नजदीकी हो गई। 31 दिसंबर 2016 को आरोपित मेजर अमनदीप सिंह ने पीड़िता को मिलने के लिए भूपिंदरा रोड स्थित टीएनजी होटल में बुलाया। यहां आरोपित ने शादी का प्रपोज किया तो पीड़िता ने मंजूर कर लिया और जल्द शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद जब भी फौज से छुट्टी पर आता था तो उसे अलग–अलग जगह बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए लेकिन पिछले कुछ समय से शादी करवाने से आनाकानी करने लगा। जिसके बाद इस महीने अंबाला हरियाणा पुलिस को शिकायत दी थी।
दो बार गर्भपात करवाया
आरोपित ने पुलिस ने मंगलवार की रात को यह मामला दर्ज किया है। दर्ज केस में पीड़िता ने बयान दिया है कि लगातार शारीरिक संबंध बनाए जाने पर वह दो बार गर्भवती हुई थी। इस दौरान उसने शादी करने के बारे में भी कहा लेकिन आरोपित ने शादी के लिए अभी सही समय न होने की बात कहते हुए दो बार उसका गर्भपात करवाया। आरोपित हर बार गर्भपात की गोलियां लेकर आता था।
परिवार को भी कहा शादी के लिए
जांच अधिकारी एसआइ गुरप्रीत कौर ने कहा कि पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसने शादी व दोनों के बीच प्रेम संबंधों के बारे में लड़के के परिवार को भी बताया था लेकिन उन्होंने भी कोई बात नहीं सुनी। पिता करीब तीन साल पहले रिटायर हो गए, जिसके बाद भी आरोपित टालमटोल करता रहा।
