मम्मी ने इनकार किया तो क्रेडिट कार्ड लेकर बाली भाग गया बेटा

सिडनी यह खबर पढ़ने के बाद आप अपने बच्चों को डांटने से पहले कम से कम दो बार तो जरूर सोचेंगे। ऑस्ट्रेलिया में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक 12 साल का लड़का मां की डांट से इतना नाराज हो गया कि बाली भाग गया। अब ऑस्ट्रेलियाई पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुतबिक लड़के की मां एम्मा ने बताया कि उनके बेटे को ना सुनना पसंद नहीं है। उसने मां से कुछ कहा और एम्मा ने उसे इनकार कर दिया। इसी बात से बेटा इतना नाराज हो गया कि वह सिडनी स्थित अपने घर से जेटस्टार के विमान से पर्थ गया और उसके बाद बाली चला गया।
लड़का अपने माता-पिता का क्रेडिट कार्ड लेकर निकला है। इसकी मदद से वह इंडोनेशिया के बाली द्वीप के एक रिजॉर्ट में चार दिन समय बिताया। यहां उसने एक स्कूटर किराए पर लिया और बीयर भी पी। मगर, इससे पहले कि वो और मस्ती कर पाता उसकी मां की दोस्त ने उसके एक वीडियो को देखकर बता दिया कि वो बाली में है। इसके अगले ही दिन इंडोनेशियाई पुलिस ने लड़के को पकड़ लिया और माता-पिता उसे जाकर ले आए।
स्थानीय खबरों के मुताबिक लड़के ने बताया कि वह बस थोड़ा सा एडवेंचर करना चाहता था। हालांकि एडवेंचर के चक्कर में उसके मां-बाप को चार लाख रुपये से अधिक का फटका लग गया। इधर, लड़के की मां ने बच्चों के हवाई यात्रों नियमों को कड़ा करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने इससे पहले भी एयर टिकट बुक कराने की कोशिश की थी। मगर उसके पास अभिभावकों का पत्र नहीं होने के कारण एयरलाइन ने उसे मना कर दिया।
