वैष्णो देवी हादसे में 12 लोगों की मौत में दिल्ली-एनसीआर के चार लोग भी शामिल

नई दिल्ली। नए साल के पहले दिन जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा घायल हो गए। इन 12 मृतकों में दिल्ली-एनसीआर के भी चार लोग शामिल हैं। इनमें दो दिल्ली, एक गाजियाबाद और एक गौतमबुद्ध नगर से हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
भगदड़ बीती रात करीब ढाई बजे मंदिर के गर्भगृह के बाहर गेट नंबर तीन के पास हुई। माता वैष्णों देवी मंदिर जम्मू से करीब 50 किलोमीटर दूर त्रिकुट पर्वत पर स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में से सात की पहचान उत्तर प्रदेश के श्वेता सिंह (35), धर्मवीर सिंह (35), विनीत कुमार (38), अरुण प्रताप सिंह (30), मोनू शर्मा (32), महेंद्र सिंह (26), नरेंद्र कश्यप (40) और दिल्ली के दो निवासी विनय कुमार (24) और सोनू पांडे (24), हरियाणा की ममता (38) और जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के धीरज कुमार (26) रूप में हुई है। एक मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
