डायना हेडन पर कमेंट को लेकर त्रिपुरा CM ने मांगी माफी, कहा- ‘सभी महिलाएं मां समान’

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने पूर्व मिस वर्ल्ड डायना हेडन को लेकर दिए गए अपने हालिया बयान पर माफी मांग ली है. बिप्लब देब ने कहा है कि वह किसी को दुख नहीं पहुंचाना चाहते थे. दुनिया की सभी महिलाएं मां की तरह हैं. अगर मेरी बात से डायना आहत हुई हैं, तो मैं हृदय से खेद प्रकट करता हूं.

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ​ "मैं त्रिपुरा में जो हैंडलूम इंडस्ट्री में काम करते हैं, उनके लिए बोल रहा था. उनकी मार्केटिंग पर बोलने के संदर्भ में ये बात निकल गई. मैं किसी को दुख नहीं पहुंचाना चाहता. अगर मेरे बयान से किसी को दुख पहुंचा है तो मैं खेद प्रकट करता हूं."

बता दें कि ​इससे पहले बिप्लब देब ने कहा था, "अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में पांच सालों तक भारत के हिस्से में मिस वर्ल्ड/मिस यूनिवर्स के ताज आए. डायना हेडन भी जीत गईं. क्या आपको लगता है कि उन्हें ताज जीतना चाहिए था?" बिप्लब देब ने कहा कि पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय भारतीय महिलाओं की सुंदरता का प्रतिनिधित्व करती हैं, डायना हेडन नहीं. इस बयान के बाद बिप्लब देब की काफी आलोचना हुई.

बिप्लब देब के इस बयान को पूर्व मिस वर्ल्ड डायना हेडन ने शर्मनाक बताया. डायना ने कहा कि त्वचा के रंग की वजह से किसी की आलोचना करना गलत है. मेरे मिस वर्ल्ड टाइटल जीतने का ये काफी कड़ा विरोध है. ये बेहद शर्मनाक है कि जब आप दुनिया का सबसे बड़ा और अहम ब्यूटी टाइटल जीतते हैं, तो आपको सराहना मिलने की बजाय आपकी आलोचना की जाती है. ये भी दुख की बात है कि त्वचा के रंग की वजह से आपको समाज में अपनी एक अलग लड़ाई लड़नी पड़ती है. मैंने एक फेयरनेस क्रीम के एड के लिए भी मना किया था. हम भारतीय हैं, हमारी त्वचा का रंग ब्राउन है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए.

डायना ने कहा, "मुख्यमंत्री के दिमाग में भी काले और गोरे की समझ को लेकर फर्क है, तभी उन्होंने मेरी तुलना ऐश्वर्या राय से की प्रियंका और मानुषी से नहीं."


Leave a Reply