सड़क हादसे में रेडियो मिर्ची मैनेजर तान्या खन्ना की मौत

नोएडा सेक्टर-85 पुलिस चौकी के पास मंगलवार देर रात नाले में तेज रफ्तार कार के गिरने से रेडियो एफएम चैनल में सेल्स प्रबंधक के पद पर तैनात युवती की मौत हो गई। वह सेक्टर-137 में अपने दोस्त के घर जा रही थी। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजन को सौंप दिया गया है।
कविनगर गाजियाबाद में 26 वर्षीय तान्या खन्ना अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके पिता ललित खन्ना और बड़ा भाई दीपक व्यावसाय करते हैं। छोटा भाई कुणाल पढ़ाई करता है। मंगलवार रात डेढ़ बजे तान्या अपनी कार में दफ्तर से सेक्टर-137 ईको सिटी-1 सोसाइटी निवासी अपने दोस्त धनंजय के घर जा रही थीं। घटना के वक्त धनंजय दूसरी कार में तान्या के आगे चल रहा था।
तान्या और उसका दोस्त धनंजय अपनी-अपनी कार से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे से होते हुए सेक्टर-137 के निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन कट से आ रहे थे। कट से मुड़ने के बाद धनंजय ने अपनी कार सेक्टर-137 स्थित अपनी सोसाइटी की तरफ मोड़ दी। इस दौरान पुलिस के अनुसार संभवत: तान्या रास्ता भूलकर सीधा सेक्टर-75 पुलिस चौकी गोलचक्कर पर आ गई। यहां से वह सेक्टर-137 जाने के लिए यू-टर्न ले रही थी।
सेक्टर-85 में रफ्तार ज्यादा होने की वजह से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नौ फुट चौड़े और करीब 12 फुट गहरे नाले में गिर गई। नाले में गिरते वक्त कार के चारों पहिये ऊपर हो गए थे। क्रेन से कार को बाहर निकाला गया और युवती को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के 15 मिनट बाद क्रेन पहुंची
अगला शीशा टूटने से कार में तेजी से पानी भरने लगा। पुलिस चौकी के पास घटना हुई, लिहाजा दो मिनट के बाद ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना के 15 मिनट बाद क्रेन आई।
*********
नर्सरी मालिक ने पुलिस को सूचना दी
थाना फेज टू प्रभारी सत्येन्द्र राय ने बताया दुर्घटना जहां हुई, ठीक उसी जगह पर ओम साईं नर्सरी भी है। नर्सरी मालिक बसंत और उसका 10 साल का बेटा अमन नाले के किनारे ही सो रहे थे। नाले में कार गिरते ही पुलिस और नर्सरी समेत आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। फेज टू फायर स्टेशन से एफएसओ माम चंद बड़गुजर भी दमकल की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
जान बचाने के लिए पिछली सीट पर गई
पुलिस के अनुसार क्रेन से कार को बाहर निकाला गया। युवती का शव कार की पिछले सीट पर मिला है। संभवत: वह जान बचाने के लिए पिछली सीट पर आई थी। तान्या की कार से लैपटॉप व मोबाइल समेत तीन बैग मिले हैं। मामले में युवती के परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। परिजन अपनी कार को साथ ले गए हैं।
************
दोस्त भी मौके पर पहुंचा
जब तान्या धनंजय के घर नहीं पहुंची तो वह उसकी तलाश करने के लिए निकल गया। तलाश करते हुए वह घटनास्थल पर पहुंचा। उस दौरान पुलिस राहत वह बचाव कार्य में लगी हुई थी।
*********
रैलिंग होती तो जान बच जाती
जहां घटना हुई, उस गोलचक्कर पर तेज रफ्तार से गाड़ियां घूमती हैं। पास में ही खुला हुआ गहरा नाला है। नाले के किनारे रैलिंग नहीं लगी है। इस कारण यहां हादसे की संभावना बनी रहती है। यदि नाले के किनारे रैलिंग लगी हुई होती तो तान्या की जान बच सकती थी। हालांकि, इससे पहले यहां कभी हादसा नहीं हुआ है।
