तेजप्रताप के सामने ऐश्वर्या को लगी मेहंदी, राबड़ी देवी सहित मौजूद थी सातों बेटियां और दामाद

पटना।देवर तेजस्वी यादव की उपस्थिति में संगीत और शहनाई के बीच ऐश्वर्या की मेंहदी की रस्म पूरी हुई। इस दौरान ऐश्वर्या के परिवार वालों की निगाहें तेजस्वी पर जमी रही। ऐश्वर्या की सातों ननद और छह ननदोई ने मेंहदी संगीत व लजीज खाने का जमकर लुत्फ उठाया। निजी आयोजन के कारण 5 सर्कुलर रोड में आयोजित समारोह में दोनों परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ खास मेहमान ही शरीक हुए।
संगीत व भजन के साथ गूंजती रही शहनाई की धुन
– बुधवार की रात 8 बजे के बाद पूर्व सीएम राबड़ी देवी, दोनों बेटे, सातों बेटियाें और दामाद के साथ ऐश्वर्या के घर पर पहुंचीं।
– लालू के समधी व पूर्व मंत्री चंद्रिका राय के आवास पर सुबह से ही मेहंदी के रस्म को लेकर तैयारी चल रही थी। पूरे घर को अनोखे अंदाज में सजाया गया था।
– आगंतुकों के लिए खास पकवान की व्यवस्था की गई थी। इसमें चंद्रिका राय के साथ उनके चारों भाई सुबह से ही जुटे हुए थे।
– ऐश्वर्या हरे रंग की साड़ी में इस रस्म में शामिल हुई। इस मौके पर उनकी मां पूर्णिमा राय व मौसी निरुपमा के साथ उनकी सहेलियां भी मौजूद थीं।
– संगीत व भजन के साथ शहनाई की धुन गूंजती रही थी। ऐश्वर्या के पूरे परिवार की नजर तेजस्वी पर टिकी थी। लालू प्रसाद के गुरुवार को पटना पहुंचने की सूचना से सभी के चेहरे खिले हुए थे।
