दुर्घटनाग्रस्त वाहन में रखे जेनरेटर के अंदर छिपा कर बिहार में की जा रही थी शराब की तस्करी

झारखंड | से बिहार में शराब तस्करी का अनोख और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के हंसडीहा- गोड्डा एनएच 133 पर पोड़ैयाहाट के सकरी फुलवार गांव के समीप शनिवार की तड़के दुर्घटनाग्रस्त वाहन में रखे खराब जेनरेटर में शराब की खेप पकड़ी गई है। जेनरेटर में छुपा कर रखी गई शराब की बोतलों को बिहार ले जाया जा रहा था लेकिन वाहन हादसे का शिकार होने की वजह से सारा भांडा फूट गया। जिले के एसपी वाईएस रमेश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन से जब्त शराब के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश  पोड़ैयाहाट थाने को दिया गया है।

बताया जाता है कि एनएच 133 पर पोड़ैयाहाट के सकरी के समीप शनिवार की अलसुबह 407 गाड़ी पेड़ से जा टकराई। उक्त गाड़ी में एक जेनरेटर का बॉक्स रखा हुआ था। उक्त बॉक्स में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें और कार्टन रखे गए थे। हादसे के बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जेनरेटर के अंदर रखी शराब को बिहार में खपाने की योजना थी लेकिन वाहन हादसे के शिकार होने की वजह से सारा भांडा फूट गया। इधर, घटना के बाद शराब तस्कर मौके से भाग निकला। पुलिस वाहन चालक को पकड़ कर पूछताछ कर रही है। शराब तस्करी का नेटवर्क बिहार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एसपी ने मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का है।

 

Leave a Reply