दिल्ली में बिकी युवती 9 साल बाद मिली

खूंटी। करीब नौ साल पहले काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाकर बेची गई एक युवती को झारखंड की खूंटी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि युवती को बेचने वाले अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
लड़की के माता-पिता ने इस संबंध में तोरपा थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने बरामद युवती की मेडिकल जांच के बाद उसका बयान दर्ज कर लिया है। अभी युवती की उम्र 19 वर्ष है।
जिस समय उसे दिल्ली ले जाया गया था, वह उस समय महज दस वर्ष की थी। छापेमारी अभियान में शामिल सब इंस्पेक्टर रामजुनुल हक ने बताया कि तोरपा थाना क्षेत्र निवासी युवती को नौ साल पहले बसिया थाना क्षेत्र के कुम्हारी
की पार्वती देवी व उयुर गड़िया की शांति भेंगरा तथा संजू ने मिलीभगत से दिल्ली निवासी राजेश की प्लेसमेंट एंजेसी को बेच दिया था। आरोपित पहले से ही पीड़ित के घर आया जाया करते थे। इसी दौरान बहला-फुसला कर एजेंसी को बेच दिया।
मार्च में दिल्ली स्थित चर्च में तोरपा क्षेत्र की ही सुनीता भेंगरा से युवती की मुलाकात हुई, जिसे युवती ने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद सुनीता ने एक पत्र उसके घर व दूसरा तोरपा थाना में भेजा।
इस मामले में युवती के परिजनों ने युवती का पत्र मिलने पर मार्च 2018 में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद तोरपा पुुलिस ने अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम का गठन कर छापेमारी की।
तोरपा पुलिस 11 मई को दिल्ली रवाना हुई। दिल्ली के सुभाष नगर जाकर वहां की पुलिस व शक्ति वाहिनी संगठन को लेकर पत्र में बताए पते पर छापेमारी कर युवती को बरामद कर लिया।
वहीं पुलिस को दिए गए बयान में युवती ने बताया है कि नौ साल के दरम्यान उसको किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया गया। परिजनों ने भी बताया कि घर पर भी पैसा नहीं भेजा जा रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
