गर्मी का कोहराम! दिल्ली और इन इलाकों के लिए लू का रेड अलर्ट

आरंभ है प्रचंड, जी हां, हम बात कर रहे हैं उस जानलेवा गर्मी की जो इस वक्त पूरे उत्तर भारत को झुलसा रही है. सबसे बुरा हाल दिल्ली का है जहां पारा लगातार दो दिन से 44 डिग्री के पार है. जिंदगी महफूज रखनी है तो घर से बाहर ना निकलें. इन तस्वीरों को देखने के बाद आपको यही नसीहत दी जा सकती है.
यहां तक की रेतीले राजस्थान का बड़ा इलाका भी दिल्ली से चढ़ते तापमान के मामले में पीछे है. देश के 15 राज्यों में इस वक्त पारा 40 डिग्री से पार है और प्रचंड गर्मी से तीन चौथाई हिंदुस्तान पसीने से तर बतर हो रहा है. वहीं मौसम विभाग नेराजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए लू का अलर्ट जारी किया है.
मई के महीने में कुदरत ने अपना अजीबोगरीब रुप दिखाया. पहले सप्ताह में पहाड़ों पर बेवक्त बर्फबारी की तस्वीरें आईं, फिर अचानक से आई तूफानी हवाओं ने सैकड़ों लोगों को बेजान बना दिया और अब बारी आई है बेहिसाब गर्मी की, जिसने आते ही कीर्तिमानों को तोड़ना शुरु कर दिया है.
राजस्थान के बीकानेर में पारा 44 डिग्री तक चढ़ा और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री रहा. वहीं जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री तक गया जबकि न्यूनतम तापमान रहा 27.5 डिग्री. राजस्थान के ही भीलवाड़ा में मैक्सिमम टैंपरेचर रहा 44 डिग्री जबकि मिनिमम टैंपरेचर दर्ज हुआ.
अगर आप देश के दिल दिल्ली में रहते हैं तो आपके लिए बुरी खबर है क्योंकि दिल्ली इस वक्त तपते राजस्थान के कई शहरों से भी ज्यादा गर्म है. दिल्ली में दिन और रात का तापमान दोनों सातवें आसमान पर है. दिल्ली के पालम में बुधवार का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया. दिल्ली में मंगलवार को पारा 46 डिग्री तक चढ़ गया था जो मई के महीने में नया रिक़ॉर्ड है.
मौसम वैज्ञानिकों ने सावधान करते हुए कहा है कि दिल्ली एनसीआर में हालात अभी और खराब हो सकते हैं. पूरा शहर इन दिनों किसी भट्टी से कम नहीं है. अगले 4 से 5 दिनों तक पारा 44 डिग्री से ऊपर रहने की ही आशंका है. मौसम विभाग का मानना है कि गुरुवार शाम तक धूल भरी आंधी चल सकती है.
दिल्ली में 25 और 26 मई को तपती हवाओं का जोर रहेगा. लू के थपेड़ों से बचने के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक सूरज की किरणों से बचकर घर में रहने में ही भलाई है .
दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने कोहराम मचा रखा है. पिछले कई सालों के रिकार्ड टूट रहे हैं. बूंदी का तापमान को 48 डिग्री तक पहुंच गया, जो कि दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया. गर्मी इतनी बढ़ गई कि राहत के लिए सड़कों पर फायर ब्रिगेड को पानी का छिड़काव करना पड़ रहा है. लोग लू से बचने के लिए सिर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकलने को मजबूर हैं.
पंजाब के भटिंडा में भी पिछले दो दिनों से गर्मी ने आतंक मचा रखा है. पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. गन्नू से जूस से लेकर तरबूज और नारियल की बिक्री में बढोतरी हुई है. वहीं गर्मी की वजह से खराब हो रही सब्जियों से किसान परेशान हैं.
महाराष्ट्र के बुलढाणा ज़िले में धुप से नागरिक परेशान दिखाई दे रहे है. यहां पारा 44 के पार पहुंच गया है. विदर्भ के अकोला में सूरज की आग सातवें आसमान पर है. पिछले 15 दिनों से अकोला में 45 डिग्री का तापमान चल रहा है.
आपको बता दें भारत के साथ पाकिस्तान में भी गर्मी का कहर जारी है. कराची में गर्मी और लू के कारण 65 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं.
