घुसपैठ रुके बिना कश्मीर में शांति नहीं: सेना प्रमुख

नई दिल्ली। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से हो रही लगातार फायरिंग पर सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कड़ा संदेश दिया है। सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तानी सेना जब तक सीमा पार से फायरिंग करती और घुसपैठ की कोशिश करती है, हम उसको कड़ा जवाब देते रहेंगे। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा कि पाकिस्तान जब तक सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ नहीं रोकता, कश्मीर में शांति बहाल नहीं हो सकती। सेना प्रमुख ने कहा कि कश्मीर में संघर्ष विराम के दौरान हम ऑपरेशन नहीं कर रहे हैं। अगर हालात शांत रहते हैं तो हम संघर्ष विराम आगे बढ़ाने की सोच सकते हैं। जनरल बिपिन रावत ने यह बात कश्मीर के पहलगाम में आर्मी गुडविल स्कूल में डिजिटल एजुकेशन प्रोग्राम की शुरुआत के मौके पर कही। गौरतलब है कि पिछले 11 दिन से पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी पर लगातार गोलीबारी कर रहा है। इससे सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले 40 हजार से अधिक लोगों को घर-बार छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। अब तक पाकिस्तान की फायरिंग में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। श्रीनगर के होटल से मेजर लितुल गोगोई को हिरासत में लेने के मामले पर जनरल रावत ने कहा कि गोगोई ने अगर गलती की है तो उसके खिलाफ सेना सख्त कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply