बिहार में आम लोगों की तरह सरकारी संस्थानों की कटेगी बिजली

पटना | बिजली बिल जमा नहीं करने पर अब आम आदमी की तरह ही सरकारी संस्थानों की भी बिजली गुल होगी। बिजली कंपनी ने इसकी कार्ययोजना बना ली है। सरकार के विभिन्न विभागों पर बकाया 506 करोड़ की वसूली के लिए कंपनी ने तय किया है कि अब सरकारी महकमों की भी बिजली काटी जाए, ताकि वसूली में तेजी आए। पिछले दिनों हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पाया गया कि बिजली कंपनी का न केवल आम उपभोक्ता बल्कि सरकारी महकमों पर भी करोड़ों बकाया है। 

506 करोड़ बकाया की रिपोर्ट सामने आने पर कंपनी ने इसे गंभीरता से लिया। बैठक में तय किया गया कि जिन-जिन सरकारी संस्थानों पर बिजली बिल बकाया है, उनकी बिजली गुल की जाए। अभी छिटपुट तरीके से सरकारी महकमों की बिजली काटी भी जा रही है। इसे अभियान के तौर पर अब शुरू किया जाएगा। कंपनी ने तय किया है कि सभी सरकारी संस्थानों की बिजली वृहद स्तर पर काटी जाए। एक दिन में जितना हो सके, बिजली काटने का अभियान चलेगा। कंपनी की कोशिश है कि 31 मार्च के पहले अधिकाधिक बकाया राशि की वसूली हो जाए। 

 

Leave a Reply