भारतीय टीम को 63 रन से मिली करारी हार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मैच क्वींसटाउन के ओवल में खेला गया। बारिश के चलते मैच को 20-20 ओवर का करना पड़ा। हालांकि, भारत के लिए ये मैच भी खराब गुजरा, क्योंकि टीम इंडिया को 63 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड के दौरे पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ये लगातार पांचवीं हार है। चार वनडे मैचों से पहले एक टी20 मैच भी भारतीय टीम हार चुकी है।
इस मुकाबले में भारतीय महिला टीम की कप्तान मिताली राज ने टॉस जीता और कीवी टीम को बल्लेबाजी का न्योता दिया। कप्तान सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स, एमेलिया केर और एमी सैटर्दवेट ने मिलकर कीवी टीम को 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रनों के स्कोर पर पहुंचाया। भारतीय गेंदबाजों के सामने कीवी बैटर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। एमेलिया केर 33 गेंद पर 68 रन बनाकर नॉटआउट लौटीं। एमी ने 16 गेंद पर 32 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, वहीं सोफी ने 24 गेंद पर 32 और बेट्स ने 24 गेंद पर 41 रन ठोके। इस तरह भारत को 192 रन का लक्ष्य मिला था।
