सुविधा: नई दिल्ली स्टेशन से मेट्रो तक स्काईवॉक का रास्ता साफ, लाखों को होगा फायदा

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए यात्रियों अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। स्टेशन बिल्डिंग के फुट ओवर ब्रिज नंबर दो से सीधे एयरपोर्ट मेट्रो तक लिए स्काईवॉक बनने का रास्ता साफ हो गया है। यह स्काईवॉक डीएमआरसी बनाएगा। वर्ष के अंत तक यह स्काईवॉक आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। 


इस स्काई वॉक के बन जाने के बाद जिन यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट मेट्रो या मेट्रो स्टेशन जाना होगा उन्हें स्टेशन के फुटओवरब्रिज ने नीचे उतरने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे स्काई वॉक के जरिए ठीक सामने एयरपोर्ट मेट्रो तक पहुंच जाएंगे। इस स्काईवॉक को बीच में तीन एस्केलेटरों के जरिए जोड़ा जाएगा।


पहला एस्केलेटर मेट्रो के उस एक्जिट गेट के करीब लगाया जाएगा जहां से यात्री मेट्रो के जरिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचते हैं।

दूसरा एस्केलेटर एयरपोर्ट मेट्रो के करीब लगाया जाएगा। ऐसे में स्टेशन से यात्री स्काईवॉक के जरिए सीधे एयरपोर्ट मेट्रो तक पहुंच जाएंगे। वहीं, तीसरा एस्केलेटर स्टेशन के फुटओवर ब्रिज के करीब प्री-पेड टैक्सी बूथ के करीब बनाया जाएगा।


स्काईवॉक के करीब ही रेलवे की ओर से शौचालय बनाया जाएगा। ऐसे में यात्रियों के लिए शौचालय तक पहुंचना आसान होगा। इससे परिसर में सफाई में मदद मिलेगी। 


रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इस फुट ओवरब्रिज को बेहद खूबसूरत बनाए जाने की योजना है। इसका डिजाइन तय करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतियोगिता भी कराई जा रही है।


सफर होगा आसान

प्री पेड टैक्सी बूथ तक पहुंचना आसान होगा। इसे स्काईवॉक के करीब बनाया जाएगा।

जिन यात्रियों को एयरपोर्ट मेट्रो पकड़नी है वे स्टेशन परिसर से सीधे मेट्रो स्टेशन पहुंच जाएंगे।

वहीं, मेट्रो से नई दिल्ली स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए लोग सीधे फुट ओवर ब्रिज नंबर दो पर सामान की जांच के लिए लगी मशीन तक पहुंच जाएंगे।


नहीं लगेगा जाम

यात्री गाड़ियों के लिए बनाई गई लेन पार नहीं करेंगे। ऐसे में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।


Leave a Reply