जम्मू कश्मीर: बांदीपुरा के हाजिन में इंडियन आर्मी पोस्ट, पुलिस स्टेशन पर आतंकी हमला

 जम्मू कश्मीर। जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में एक बार फिर से आतंकियों ने हमला किया। जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा के हाजिन इलाके में इंडियन आर्मी के पोस्ट को निशाना बनाकर मंगलवार की शाम को आतंकियों ने धावा बोला। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, करीब चार से छह की संख्या में आतंकियों ने आर्मी कैम्प पर दोनों तरफ से हमला किया। आतंकियों ने 13वीं राष्ट्रीय रायफल्स और हाजिन पुलिस स्टेशन पर यह हमला किया है।

ख़बरों के मुताबिक, आतंकियों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की है और पुलिसकर्मियों और सेना पर ग्रेनेड लांचर्स का इस्तेमाल कर हमला किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह आत्मघाती हमला नहीं था और इसका जोरदार तरीके से जवाब दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि पूरे इलाके को घेर लिया गया है और ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि आर्मी पोस्ट और पुलिस स्टेशन दोनों ही सुरक्षित है।


इससे पहले, मंगलवार की शाम को आतंकियों ने उत्तरी कश्मीर के हरवान इलाके में सेना की गाड़ी को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया। इस घटना में गाड़ी को काफी नुकसान हुआ लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। यह घटना सोपोर से करीब 20 किलोमीटर दूर हरवान यम्बरजाल वारी में हुई जो 22वीं राष्ट्रीय रायफल्स की गाड़ी थी। इस हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली।

Leave a Reply