यौन उत्पीड़न मामलों में अब अस्पताल, थानों को दिए जाएंगे विशेष किट

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने बुधवार को कहा कि यौन उत्पीड़न मामलों में तत्काल चिकित्सकीय जांच के लिए मंत्रालय सभी पुलिस थानों और अस्पतालों को विशेष रूप से डिजाइन किये गए किट वितरित करेगा। मेनका ने कहा कि निर्भया कोष की वित्तीय मदद से राज्य सरकारों द्वारा इस किट को खरीदा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन किट में कई ऐसी चीजें होंगी जिनकी मदद से बलात्कार एवं यौन उत्पीड़न के मामलों में खून और वीर्य के नमूने एकत्र किए जा सकेंगे। मेनका ने कहा कि किट को सबसे निकट की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा और दो महीने के भीतर इसके जांच के नतीजे आ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के मामलों में जल्द सज़ा सुनिश्चित कराने के मकसद से चंडीगढ़ में फोरेंसिक प्रयोगशाला की शुरुआत की गई है और इस साल पुणे, भोपाल, चेन्नई, मुंबई और गुवाहाटी में ऐसी दूसरी प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी जाएंगी।
