राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर को दिया ईद का तोहफा, किए ये बड़े ऐलान

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सूबे के हालात को दुरुस्त करने और लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं.


राजनाथ सिंह ने पश्चिम पाकिस्तान से आकर जम्मू-कश्मीर में बसने वाले प्रत्येक शरणार्थी परिवार को साढ़े पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए नौ बटालियन गठित की जाएंगी, जिसमें से दो बटालियन सिर्फ सीमा के आसपास रहने वाले युवाओं के लिए होंगी. इनका नाम भी बॉर्डर बटालियन होगा.


उन्होंने कहा कि पहले सीमा पर गोलीबारी में किसी तरह की कैजुअल्टी होने पर 75 हजार या एक लाख रुपये मुआवजा देने की व्यवस्था थी, जिसको अब बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है. साथ ही इसको प्राप्त करने की अवधि को भी समाप्त कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पहले गोलीबारी या किसी घटना में जानवरों के मरने पर 30 हजार प्रति पशु मुआवजा मिलता था, लेकिन अब इसको बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है.


इसके साथ ही मुआवजा देने के लिए तीन जानवरों की सीमा को भी खत्म कर दिया गया है. दरअसल, पहले चाहे जितने भी जानवर मरें, लेकिन मुआवजा अधिकतम तीन जानवरों का ही दिया जाता था. उन्होंने सीमावर्ती इलाकों के लिए पांच बुलेट प्रूफ एंबुलेंस मुहैया कराने का भी ऐलान किया.


Leave a Reply