बारिश से उत्तर भारत में खुशनुमा माहौल, केरल में चार की मौत

नई दिल्ली। बारिश ने मौसम खुशनुमा बना दिया। उत्तर भारत के लोगों के लिए यह सौगात बनकर आई और यहां उच्चतम तापमान काफी नीचे आ गया, लेकिन केरल में बारिश से आफत ही आई। इसमें चार लोगों की मौत हो गई। बारिश की वजह से मरने वाले लोगों की तादाद यहां 13 हो गई है।


केरल में बारिश आफत इस वजह से बनी हुई है, क्योंकि नदियों में बाढ़ आ रही है। यहां तकरीबन सारी मौतें पानी में डूबने की वजह से हुईं। राज्य के कई जिलों में फसल, संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।


बेंगलुरु में बारिश की वजह से भारत दौरे पर आई अफगानिस्तान की टीम को अभ्यास करने का मौका नहीं मिल सका। अपने ऐतिहासिक दौरे पर आई टीम को मायूस होकर होटल में ही बैठना पड़ा। 14 जून से यहां मैच होना है और इसके आयोजन पर बारिश के चलते संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बारिश व तेज आंधी के बाद राजस्थान में उच्चतम तापमान गिरा है। रविवार को सबसे गर्म शहर जैसलमेर रहा। तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में यह 38.4, चंडीगढ़ में 37.2, पंजाब के अमृतसर में 37.1, हरियाणा के अंबाला में 37.3 सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व विदर्भ में कई जगहों पर बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश में शनिवार की अपेक्षा रविवार को उच्चतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। शिमला में 20 मिमी बारिश हुई।


मानसून ने दी दस्तक


पश्चिमी तट पर मानसून ने अपनी दस्तक दे दी है। कर्नाटक, गोवा, दक्षिण कोंकण में मानसून की वजह से बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अब यह आगे बढ़ रहा है। उम्मीद जताई गई है कि कर्नाटक, गोवा, कोंकण, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा व केरल में तेज बारिश होगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में तेज आंधी के आसार हैं। राजस्थान में गर्म हवाएं फिर से असर दिखाने लगेंगी। समुद्र का मिजाज बिगड़ने की संभावना जताकर महकमे ने मछुआरों से अपील की है कि वो सावधानी बरतें।


Leave a Reply