अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत स्थिर, स्वास्थ्य में तेजी से सुधार : एम्स

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबियत अब स्थिर है। वह अभी भी आईसीयू में भर्ती हैं। एम्स के मीडिया एवं प्रोटोकॉल विभाग की चेयरपर्सन डॉ. आरती विज के मुताबिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम चौबीसों घंटे उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिन में वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।
इससे पहले एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने गुरुवार को कहा था कि 93 वर्षीय अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य में खासा सुधार आया है। पूर्व प्रधानमंत्री को किडनी में संक्रमण, छाती में जकड़न और यूरिन आउटपुट (मूत्र की मात्रा) कम होने की परेशानी के चलते 11 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मधुमेह से पीड़ित वाजपेयी की सिर्फ एक किडनी काम करती है। उन्हें 2009 में आघात आया था। बाद में उन्हें डिमेंशिया की शिकायत हो गयी। प्रथम तल पर मौजूद आईसीयू के पूरे गलियारे का घेराव कर दिया गया है और केवल मरीज के सहायकों और रिश्तेदारों को प्रमाण दिखाने के बाद ही वहां जाने की अनुमति दी जा रही है।
