दिल्ली एनसीआर में आग लगने से नायब तहसीलदार का दफ्तर जलकर राख

 नई दिल्ली गर्मियां शुरू होते ही आग लगने की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा है। सोमवार को दिल्ली एनसीआर के दो शहरों में आग लगने की घटनाएं हुई। अगलगी की पहली घटना गाजियाबाद में हुई, जहां तहसील सदर परिसर में नायब तहसीलदार के दफ्तर में आग लग गई। इस घटना में कार्यालय में रखे हुए दस्तावेज जलकर राख हो गए। वहीं मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना पर एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह ने कहा कि कार्यालय में पूर्व में हुए चुनावों के मतदाता पुनरीक्षण फार्म रखे थे, अधिक नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के संबंध में नायब तहसीलदार को जांच दी गई है। जांच के बाद विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।

वहीं आग लगने की दूसरी घटना गुरुग्राम के मानेसर में हुई है। यहां सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार देर रात आग लग गई। हालांकि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। भीमनगर दमकल केंद्र और मानेसर दमकल से पहुंची गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

 

Leave a Reply