रूस में फुटबाल विश्व कप के दौरान आतंकवाद का खतरा : अमेरिका

वाशिंगटन, अमेरिका के विदेश विभाग ने शुक्रवार को अमेरिकी नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी में कहा गया है कि आतंकवादी रूस में चल रहे फुटबाल विश्व कप आयोजन स्थलों को अपना निशाना बना सकते हैं। विदेश विभाग ने रूस में अगले एक माह तक चलने वाले विश्व कप के दौरान आतंकवादियों की किसी खास गतिविधी या हमले के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है। विभाग ने एक यात्रा परामर्श में कहा, 'विश्व कप जैसे बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आतंकवादियों को एक बड़ा लक्ष्य उपलब्ध कराते हैं।'
परामर्श में कहा गया, 'हालांकि विश्व कप के लिए व्यापक सुरक्षा होगी, फिर भी आतंकवादी स्टेडियम, फैन फेस्ट देखने वाले क्षेत्रों, पर्यटक स्थलों, परिवहन केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमला कर सकते हैं।'
पिछले परामर्श के साथ, विदेश विभाग ने अमेरिकी नागरिकों से आतंकवाद के खतरे के कारण और कानून प्रवर्तन तथा अन्य अधिकारियों से संभावित उत्पीड़न से बचने के लिए सामान्य रूप से रूस यात्रा पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
