रास्ते से कार नहीं हटाई तो चला दी गोलियां

नई दिल्ली । गोकलपुरी इलाके में रास्ते से कार न हटाने पर एक स्कूटी सवार ने गोलियां चला दीं। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पीड़ित योगेश की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। योगेश अपने परिवार के साथ भागीरथ विहार में रहते हैं। वह टूर एंड ट्रेवल्स का काम करते हैं। वह अपने किसी काम से अलीगढ़ गए हुए थे, शुक्रवार रात आठ बजे वह घर लौटे। अपनी कार को घर के अंदर खड़ी करने लगे, जिससे गली का रास्ता बंद हो गया। उसी दौरान गंगा विहार की ओर से स्कूटी सवार दो युवक वहां गली से गुजरने लगे। कार से रास्ता बंद देखकर वह भड़क गए।
आरोपितों की पीड़ित के साथ गाली गलौज हो गई, विरोध करते हुए पीड़ित ने एक युवक को धक्का दे दिया। इतने में एक आरोपित ने पिस्टल से गोलियां चला दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।
