दिल्ली में युवक ने पत्नी और बेटे की हत्‍या कर, फैमिली वॉट्सऐप ग्रुप में मैसेज कर कबूला अपराध

दिल्ली के शाहदरा के गीता कॉलोनी इलाके में शनिवार को 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। अपराह्न करीब 3.40 बजे की है। आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को शक है कि उसने आर्थिक परेशानियों से तंग आकर ऐसा कदम उठाया है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि पुलिस जब सचिन के घर पहुंची तो उसने मकान की दूसरी मंजिल पर कंचन अरोड़ा (35) और उनके 15 साल के बेटे का शव देखा। अधिकारी ने बताया कि महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव फर्श पर था।

आरोपी सचिन एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में काम करता था और साथ में किराने की दुकान चलाता था। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद घर से फरार हो गया था। हालांकि, उसने एक फैमिली वॉट्सऐप ग्रुप पर एक मैसेज भेजकर अपना अपराध कबूल कर लिया था। पूछताछ के दौरान सचिन ने अपराध को अंजाम देने की बात कबूल कर ली और कहा कि उसने वित्तीय समस्याओं के कारण अपनी पत्नी के साथ आए दिन के झगड़े के बाद उसकी तथा अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी।  

Leave a Reply