जहांगीरपुरी हिंसा मामले में एक्शन में आई दिल्ली पुलिस, अब तक 14 लोग गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में पथराव के बाद भड़की हिंसा के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने पहली एफआईआर दर्ज करते हुए अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीरपुरी हिंसा मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी ने बताया कि इस हिंसा में 8 पुलिस कर्मियों और 1 नागरिक सहित 9 लोग घायल हो गए थे। एक सब-इंस्पेक्टर को गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर है। घायलों को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल भर्ती कराया गया है।

एफआईआर में कहा गया है कि शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी, जब यह सी-ब्लॉक जामा मस्जिद के पास पहुंची तो अंसार नाम का एक शख्स अपने 4-5 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लगा। इसके बाद में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल समेत कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया है।

घटना के एक कथित वीडियो में कई लोगों को जुलूस के दौरान पथराव करते देखा गया। वहीं, कुछ को सड़क पर तलवारें लहराते हुए देखा गया, जबकि अन्य गालियां दे रहे थे और इस दौरान पुलिस वाहन का सायरन भी बज रहा था। जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में पथराव के बाद दो समुदायों में हिंसा भड़क गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हिंसा के दौरान कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। इस घटना के पीछे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना के साथ स्थिति का जायजा लेते हुए बैजल ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply