अफगानिस्तान में राष्ट्रपति के कार्यक्रम के बाद ब्लास्ट, 12 की मौत

अफगानिस्तान के पूर्वी शहर जलालाबाद में रविवार को भीषण विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गयी और 20 अन्य घायल हो गए। गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्ला खोगयानी ने बताया कि राष्ट्रपति अशरफ गनी के जलालाबाद में एक अस्पताल का उद्घाटन करने के कुछ घंटे बाद हुए इस विस्फोट से मुखाबेरात चौक के पास कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गयीं और मकान धराशायी हो गए।
नांगरहार के पुलिस प्रमुख गुलाम सनायी स्तानेकजई ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने सिखों को लेकर जा रहे एक वाहन को निशाना बनाकर हमला किया। हमला के समय सिख समुदाय के लोग राष्ट्रपति से मिलने आये थे। उन्होंने कहा कि हमले में हताहत हुए अधिकतर लोग सिख और हिंदू समुदाय के हैं।
खोगयानी ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के कारण ज्यादातर रास्ते बंद थे जिसके कारण ज्यादा लोग विस्फोट की चपेट में नहीं आये अन्यथा मृतकों की संख्या बढ़ सकता थी। किसी भी व्यक्ति अथवा संगठन ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
